Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़नई दिल्लीCentral Agriculture Minister Visits Flood-Affected Andhra Pradesh and Telangana Announces 3 448 Crore Aid

बाढ़ प्रभावित आंध्र, तेलंगाना को केंद्र 3,448 करोड़ रुपये देगा: शिवराज

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बाढ़ प्रभावित आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का दौरा किया। उन्होंने 3,448 करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की और किसानों से मिलकर उनकी समस्याओं पर चर्चा की। चौहान ने...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीFri, 6 Sep 2024 03:52 PM
share Share

केंद्रीय कृषि मंत्री ने किया बाढ़ प्रभावित आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का दौरा शिवराज सिंह ने आंध्रप्रदेश के केसरपल्ली गांव में किसानों से मुलाकात की

हैदराबाद/नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बाढ़ प्रभावित आंध्र प्रदेश और तेलंगाना को 3,448 करोड़ रुपये की तत्काल सहायता देने की शुक्रवार को घोषणा की। आंध्र प्रदेश में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करने के बाद चौहान शुक्रवार को तेलंगाना में थे। उन्होंने कहा, किसी को भी निराश होने की जरूरत नहीं है। हम तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए काम कर रहे हैं। हम बैंकों से कहेंगे कि वे संकट के समय किसानों से ऋण की वसूली ना करें।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बाढ़ प्रभावित तेलंगाना का शुक्रवार को दौरा किया। चौहान ने तेलंगाना के बाढ़ प्रभावित मीनावलु, पेड्डागोपावरम, मन्नूर और कट्टेलरु का हवाई सर्वेक्षण किया। वह खम्मम में लोगों से भी मिले और उनकी समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य को केंद्र आवश्यक सहायता मुहैया करेगा ताकि किसान फसलों को हुई क्षति से उबर सकें।

दूसरी ओर, शिवराज सिंह ने आंध्रप्रदेश के केसरपल्ली गांव में बाढ़ प्रभावित किसानों से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ आंध्र प्रदेश के कृषि मंत्री के. अत्चन्नायडू, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री पेम्मासनी चंद्रशेखर और अन्य लोग भी मौजूद थे। अत्चन्नायडू ने केंद्रीय मंत्री को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान के बारे में बताया। शिवराज ने भरोसा दिलाया कि केंद्र तत्काल की राज्य को केंद्र आवश्यक सहायता प्रदान करेगा।

शिवराज ने कहा कि अभी, राज्य आपदा राहत कोष (एसडीआरएफ) के तहत 3,448 करोड़ रुपये की सहायता मुहैया की जा रही है जिसमें केंद्र सरकार का हिस्सा भी शामिल है। तत्काल सहायता मुहैया करने के बाद सरकार अगली फसल के लिए किसानों को उवर्रक और बीज उपलब्ध कराने के बारे में विचार करेगी। केंद्रीय मंत्री ने कृषक समुदाय को यह भरोसा भी दिलाया कि केंद्र फसल नुकसान के आकलन के बाद उपयुक्त मुआवजा मुहैया करेगा। शिवराज के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री (गृह) बंडी संजय कुमार भी मौजूद रहे।

बंगाल में नौ सितंबर से भारी बारिश की संभावना

पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में नौ सितंबर से भारी बारिश की संभावना है। क्योंकि निम्न दबाव का क्षेत्र और तीव्र होकर अवदाब में बदल जाएगा। मौसम विभाग ने मछुआरों को 8-10 सितंबर तक पश्चिम बंगाल-ओडिशा के तटों पर न जाने की सलाह दी है। क्योंकि इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

राजस्थान में बीसलपुर बांध के दो गेट खोले

राजस्थान में पिछले 24 घंटे में भीलवाड़ा जिले में कई जगह भारी वर्षा हुई। सबसे अधिक बारिश शाहपुरा, भीलवाड़ा में 105 मिलीमीटर दर्ज की गई। इस बीच, भारी बारिश के कारण टोंक जिले में स्थित बीसलपुर बांध में जलस्तर पर्याप्त स्तर पर पहुंचने के कारण शुक्रवार को बांध के दो गेट भी खोले गए।

पुडुचेरी में भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव

पुडुचेरी शहर और उसके उपनगरों में भारी बारिश होने से विभिन्न क्षेत्रों के निचले इलाकों में पानी भर गया। गुरुवार रात को बारिश और आकाशीय बिजली गरजने से लोगों के रोजमर्रा के कामकाज में बाधा उत्पन्न हुई। विनायक चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश की मिट्टी की मूर्तियां बनाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

आंध्र प्रदेश : सीएम ने लिया राहत कार्यों का जायजा

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने गुरुवार को बाढ़ प्रभावित राज्य में राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने रेलवे पुल पर खड़े होकर उफनते नाले का सर्वेक्षण भी किया और इस दौरान एक ट्रेन भी पुल से गुजरी। ट्रेन में सवार यात्रियों ने मुख्यमंत्री के कार्य की सराहना की। वहीं, विजयवाड़ा में बुडामेरु नामक छोटी नदी के तटबंध में आई दरार को बंद करने के लिए भारतीय सेना की इंजीनियरिंग टास्क फोर्स युद्ध स्तर पर काम कर रही है। राज्य सरकार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उत्तरकाशी में भूकंप के हल्के झटके

उत्तराखंड के सीमांत जनपद उत्तरकाशी में शुक्रवार दोपहर 11:56 बजे भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.0 मापी गई। जिला आपदा परिचालन केंद्र ने जानकारी दी कि उत्तरकाशी के मोरी ब्लॉक में शुक्रवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी-हिमाचल के बॉर्डर पर सिंगतूर वन क्षेत्र में बताया गया। भूकंप से किसी प्रकार की हानि की सूचना भी नहीं है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें