Hindi Newsदेश न्यूज़indranil rajyaguru quits aam aadmi party against isudan gadhvi cm face in gujarat elections - India Hindi News

गुजरात में AAP को कितना बड़ा झटका देंगे राजगुरु, CM फेस पर बगावत से बिगड़ेगा माहौल?

इंद्रनील राजगुरु ने पार्टी ही छोड़ दी। गुजरात इकाई के महासचिव इंद्रनील राजगुरु एक बार फिर से कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। राजगुरु के इस फैसले से मोमेंटम बनाने में जुटी 'आप' को झटका लगा है।

Surya Prakash लाइव हिन्दुस्तान, अहमदाबाद नई दिल्लीSat, 5 Nov 2022 12:19 AM
share Share

गुजरात विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत झोंक रही आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को पूर्व पत्रकार इसुदान गढ़वी के रूप में अपना सीएम चेहरा पेश कर दिया। इसके साथ ही पार्टी को उस वक्त करारा झटका भी लगा, जब इसके विरोध में सीनियर नेता इंद्रनील राजगुरु ने पार्टी ही छोड़ दी। गुजरात इकाई के महासचिव इंद्रनील राजगुरु एक बार फिर से कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। राजगुरु के इस फैसले से मोमेंटम बनाने में जुटी आम आदमी पार्टी को लेकर पब्लिक परसेप्शन बिगड़ सकता है। खासतौर पर सीएम फेस को लेकर मची रार चिंता बढ़ाने वाली हो सकती है।

अहम बात यह है कि इंद्रनील राजगुरु आम आदमी पार्टी के उन नेताओं में से थे, जिनकी जनता के बीच थोड़ी पहचान रही है। वह उन चंद नेताओं में से थे, जिनके पास पहले चुनाव लड़ने और जीत हासिल करने का अनुभव रहा है। इंद्रनील राजगुरु ने 2012 के विधानसभा चुनाव में राजकोट ईस्ट सीट से कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की थी। इसके बाद 2017 में उन्होंने सीएम विजय रूपाणी के खिलाफ राजकोट वेस्ट से चुनाव लड़ने का फैसला लिया था। यहां इंद्रनील को हार का सामना करना पड़ा था। इसके एक साल बाद राजगुरु ने कांग्रेस से इस्तीफा देते हुए कहा था कि वह पार्टी के कामकाज से खुश नहीं हैं।

AAP बोली- सीटों को लेकर भी दबाव बना रहे थे इंद्रनील

हालांकि 2019 में एक बार फिर से वह कांग्रेस में आ गए थे और लोकसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार भी किया था। इंद्रनील राजगुरु अपनी दौलत को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। इस बीच इंद्रनील राजगुरु के पार्टी से जाने पर आप का भी बयान सामने आया है। गुजरात इकाई के अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने कहा कि इंद्रनील राजगुरु चाहते थे कि उन्हें ही सीएम का फेस बनाया जाए। इसके लिए वह पार्टी पर दबाव भी बना रहे थे, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। गोपाल इटालिया ने कहा, 'आम आदमी पार्टी ने पहले ही कहा था कि जनता ही गुजरात में पार्टी का सीएम फेस चुनेगी। जनता ने गढ़वी को चुना है। इसके चलते राजगुरु ने यह फैसला लिया है। वह तो यह भी चाहते थे कि 15 सीटों पर उनके मुताबिक उम्मीदवारों को चुना जाए।'

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें