Hindi Newsदेश न्यूज़India Top 10 News Jodhpur Violence on Eid PM Modi Europe visit Raj Thackeray Loudspeaker Row Rahul Gandhi Nightclub video - India Hindi News

India Top 10 News: ईद पर जोधपुर और नागौर में बवाल, PM मोदी की यूक्रेन में युद्धविराम की अपील, राज ठाकरे के खिलाफ केस दर्ज

3 मई 2022 देश की दस बड़ी खबरें। ईद पर राजस्थान में सांप्रदायिक हिंसा, पीएम मोदी यूरोपीय देशों की यात्रा में डेनमार्क पहुंचे, औरंगाबाद में रैली के बाद राज ठाकरे के खिलाफ केस दर्ज, UP में भीषण हादसा...

Jayesh Jetawat लाइव हिंदुस्तान, नई दिल्लीTue, 3 May 2022 01:37 PM
share Share

ईद के मौके पर राजस्थान के जोधपुर और नागौर में भारी बवाल, लाउडस्पीकर विवाद के बीच राज ठाकरे के खिलाफ केस दर्ज, पीएम मोदी ने डेनमार्क में कहा यूक्रेन में युद्धविराम तुरंत लगना चाहिए, कर्नाटक में हो सकती है सीएम बोम्मई की विदाई, चारधाम यात्रा आज से शुरू हुई, पढ़ें देश, विदेश की बड़ी खबरें

डेनमार्क में बोले पीएम मोदी- यूक्रेन में तुरंत युद्धविराम लगे

यूरोपीय देशों की यात्रा पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को डेनमार्क पहुंचे। राजधानी कोपनहेगन में डेनमार्क की पीएम मेटे फ्रेडरिक्शन ने मोदी का एयरपोर्ट पर स्वागत किया। दोनों नेताओं की बैठक में भारत और डेनमार्क के बीच कई समझौतों पर सहमति बनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यूक्रेन में तत्काल युद्धविराम लगना चाहिए। इससे पहले पीएम मोदी ने जर्मनी की यात्रा की। डेनमार्क के बाद मोदी फ्रांस के पेरिस जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए पूरी खबर पढ़ें।

ईद पर जोधपुर में हिंसा, पत्थरबाजी-आगजनी के बाद लगा कर्फ्यू 

राजस्थान में सांप्रदायिक तनाव की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। जोधपुर में हिंसा थमने से पहले ही नागौर में भी सांप्रदायिक तनाव उत्पन्न हो गया। यह पूरी घटना नागौर शहर के किदवई मोहल्ले में हुई थी। इस घटना से लोगों में डर बना हुआ है।नमाज के बाद एक समुदाय के लोग आपस में भिड़ गए। फिलहाल नागौर में स्थिति नियंत्रण में है। तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। बताया जाता है कि एक विशेष समुदाय के दो गुट आपस में भिड़ गए। अधिक जानकारी के पूरी खबर पढ़ें

राहुल गांधी का नाइट क्लब में पार्टी करते हुए वीडियो वायरल, कांग्रेस बोली- दोस्त की शादी में नेपाल गए

कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बीजेपी ने इस वीडियो को शेयर कर दावा किया है कि राहुल गांधी पब में एक चीनी महिला के साथ पार्टी कर रहे हैं। वहीं, कांग्रेस का कहना है कि राहुल अपने दोस्त की शादी में शामिल होने नेपाल गए हैं। दोस्त की शादी में जाना कोई गुनाह नहीं है। अधिक जानकारी के पूरी खबर पढ़ें।

कर्नाटक में येदियुरप्पा के बाद बोम्मई की भी होगी विदाई? 

कर्नाटक में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी का चेहरा बदल सकता है। पार्टी येदियुरप्पा के बाद बोम्मई को भी सीएम पद से हटा सकती है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कर्नाटक दौरे के बीच ये अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, पूर्व सीएम येदियुरप्पा ने कहा कि बोम्मई सीएम के रूप में अच्छा काम कर रहे हैं। अमित शाह कुछ फैसलों को ध्यान में रखकर कर्नाटक आए हैं। राज्य कैबिनेट में फेरबदल हो सकता है। अधिक जानकारी के लिए पूरी खबर पढ़ें।

राज ठाकरे के खिलाफ केस दर्ज, गिरफ्तारी की तलवार भी लटकी

महाराष्ट्र में जारी लाउडस्पीकर विवाद के बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। औरंगाबाद में रैली करने के बाद राज ठाकरे पर मुकदमा दर्ज हुआ है। प्रशासन ने शर्तों के साथ ठाकरे को रैली की इजाजत दी थी। उन पर इन शर्तों के उल्लंघन का आरोप है। वहीं, 2008 के एक पुराने मामले में राज ठाकरे के खिलाफ पिछले महीने गैर जमानती वारंट जारी हुआ था, जिस पर अब तक एक्शन नहीं हुआ है। अब कोर्ट ने मुंबई पुलिस कमिश्नर से कहा है कि वे राज ठाकरे को गिरफ्तार कर अदालत में हाजिर करें। अधिक जानकारी के लिए पूरी खबर पढ़ें।

शिवसेना ने मनसे को बताया बीजेपी की रखैल

लाउडस्पीकर विवाद को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति गर्माई हुई है। शिवसेना ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) को बीजेपी की रखैल करार दिया है। शिवसेना ने अपने मुखपत्र के संपादकीय में मंगलवार को लिखा कि 1  मई को मुंबई में बीजेपी की 'बूस्टर डोज' रैली शिवसेना को निशाना बनाने के लिए बनाई गई थी, जबकि बीजेपी की रखैल मनसे ने औरंगाबाद में अपनी रैली में शरद पवार को निशाना बनाया था। अधिक जानकारी के लिए पूरी खबर पढ़ें।

सीएम बनने के बाद पहली बार अपने पैतृक गांव पहुंचे योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को उत्तराखंड दौरे पर रहे। सीएम बनने के बाद पहली बार योगी अपने पैतृक गांव यमकेश्वर पहुंचे। यहां उन्होंने अपने गुरु महंत अवैद्यनाथ की प्रतिमा का अनावरण किया। अपने पैतृक गांव में गुरु को याद कर उनकी आंखें नम हो गईं। अधिक जानकारी के लिए पूरी खबर पढ़ें।

गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट खुले, चारधाम यात्रा शुरू

अक्षय तृतीया के मौके पर मंगलवार से चारधाम यात्रा शुरू हो गई। उत्तराखंड स्थित गंगोत्री धाम के कपाट सुबह सवा 11 बजे खुल गिए। इसके बाद दोपहर सवा 12 बजे यमुनोत्री धाम के कपाट खोले गए। 6 मई को केदारनाथ और 8 मई को बदरीनाथ धाम के कपाट भी खोल दिए जाएंगे। कोरोना के चलते उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की लिमिट लगाई है। इसके मुताबिक बदरीनाथ धाम में रोजाना 15 हजार, केदारनाथ में 12 हजार, गंगोत्री में 7 हजार और यमुनोत्री में महज 4 हजार श्रद्धालु ही रोजाना दर्शन कर सकेंगे। अधिक जानकारी के लिए पूरी खबर पढ़ें।

यूपी में भीषण सड़क हादसा, 8 लोगों की दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के कासगंज में मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। पटियाली-दरियाबगंज रोड पर एक बोलेरो कार और टेंपो की जबरदस्त भिड़ंत्त हो गई। इस हादसे में टेंपो सवार 6 महिलाओं और 2 बच्चों समेत 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बोलेरो सवार 7 लोग घायल हुए हैं। आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए। टेंपो सवार महिलाएं बहादुर नगर में सत्संग से लौट रही थीं। अधिक जानकारी के लिए पूरी खबर पढ़ें।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें