कौन हैं अजय अशर जिन्हें फडणवीस ने MITRA से हटाया, तनातनी के बीच शिंदे को एक और झटका
एक सरकारी आदेश में बताया गया है कि NCP नेता और विधायक दिलीप वाल्से पाटिल और भाजपा विधायक राणा जगजीतसिंह पाटिल को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि क्षीरसागर को बरकरार रखा गया है।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को झटका देते हुए उनके करीबी सहयोगी अजय अशर को नीति आयोग की तर्ज पर गठित राज्य सरकार की विचारक संस्था (थिंक टैंक) महाराष्ट्र इन्स्टीट्यूट फॉर ट्रांसफॉर्मेशन (MITRA) से हटा दिया गया। यह कदम मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री शिंदे के बीच तनाव की खबरों के बीच उठाया गया है। रियल एस्टेट डेवलपर अशर को उस समय नियुक्त किया गया था जब एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे। वह महाराष्ट्र परिवर्तन संस्थान (MITRA) में राजेश क्षीरसागर के साथ दो उपाध्यक्षों में से एक थे।
एक सरकारी आदेश में बताया गया कि NCP नेता और विधायक दिलीप वाल्से पाटिल और भाजपा विधायक राणा जगजीतसिंह पाटिल को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि क्षीरसागर को बरकरार रखा गया है। यानी नए आदेश के मुताबिक थिंक टैंक संस्था में अब तीन उपाध्यक्ष होंगे।
शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने राज्य सरकार द्वारा अपनी विचारक संस्था में फेरबदल करने और शिंदे के सहयोगी को हटाने के कदम का स्वागत किया, जिसे शिंदे के प्रभाव को कम करने के कदम के रूप में देखा जा रहा है। राउत ने कहा, ‘‘अजय अशर एक रियल एस्टेट डेवलपर हैं और वह शिंदे के करीबी सहयोगी हैं। अगर देवेंद्र जी ने यह रुख अपनाया है, तो हम इसका स्वागत करते हैं।’’
कौन हैं अजय अशर
अजय अशर ठाणे के एक प्रमुख बिल्डर हैं और किसान नगर इलाके में कई निर्माण परियोजनाओं से जुड़े रहे हैं। यह इलाका एकनाथ शिंदे के प्रभावशाली विधानसभा क्षेत्र में आता है। अशर को पहले कांग्रेस के पूर्व पार्षद मनोज शिंदे का करीबी माना जाता था। साल 2000 में जब एकनाथ शिंदे शिवसेना में सक्रिय हुए और दिवंगत शिवसेना नेता आनंद दिघे के सहयोग से राजनीति में आगे बढ़ गए। तब शिंदे के विधायक बनते ही अजय अशर उनके करीबी बन गए। कहा जाता है कि शिंदे के करीबी होने की वजह से अशर को ठाणे में कई पुनर्विकास परियोजनाओं में प्राथमिकता मिली।
2022 में जब शिंदे मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने अशर को MITRA का उपाध्यक्ष नियुक्त कर दिया लेकिन पिछले साल महायुति सरकार के गठन के बाद से ही मुख्यमंत्री फडणवीस और उपमुख्यमंत्री शिंदे के बीच मतभेद की खबरें आती रही हैं। अब फडणवीस के इस कदम और शिंदे के कार्यकाल में लिए गए कुछ फैसलों को पलटने को दोनों सहयोगी दलों के बीच टकराव के तौर पर देखा जा रहा है। (एजेंसी इनपुट्स के साथ)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।