मैं खुद नहीं बन पाया..., महामंडलेश्वर बनीं ममता कुलकर्णी पर भड़के धीरेंद्र शास्त्री; जानिए क्या कहा
- बॉलीवुड से अलविदा कहने के बाद ममता कुलकर्णी अब किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर यमाई ममता नंद गिरी बन चुकी हैं। जानिए धीरेंद्र शास्त्री ने क्या कहा।

प्रयागराज महाकुंभ में बॉलीवुड में काम कर चुकीं अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बनाए जाने के बाद से साधु-संतों की तीखी टिप्पणियां सामने आती रही हैं। इस कड़ी में अब धीरेंद्र शास्त्री का भी नाम जुड़ गया है। उन्होंने भी इस मामले में ममता कुलकर्णी पर अपना कड़ा बयान दिया है। बॉलीवुड से अलविदा कहने के बाद ममता कुलकर्णी अब किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर यमाई ममता नंद गिरी बन चुकी हैं। जानिए उन्होंने क्या कहा।
बॉलीवुड में बतौर एक्ट्रेस काम करने के बाद अब आध्यात्मिक जीवन की राह अपनाने वाली ममता कुलकर्णी किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बन तो गईं, लेकिन उन्हें काफी आलोचनाओं और सवालों का सामना करना पड़ रहा है। इस विवाद में अब बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हम स्पष्ट रूप से इस मत में नहीं है कि किसी को भी उसके प्रभाव में साधु या मंडलेश्वर या फिर महामंडलेश्वर नहीं कह सकते हैं।
धीरेंद्र शास्त्री ने एबीपी न्यूज से बातचीत के दौरान कहा कि जब तक उसके अंदर वो साधुत्व और संतत्व प्रकट ना हो जाए। शास्त्री ने कहा कि बेझिझक हम ऐसी किसी भी चीज से सहमत नहीं है। इसके बाद अफसोस जताते हुए लहजे में कहा कि हम खुद नहीं बन पाए हैं। जबकि इस मामले में किन्नर अखाड़े का तर्क है कि अखाड़ा परंपरा के मुताबिक ही ममता को महामंडलेश्वर की पदवी मिली है।
धीरेंद्र शास्त्री से पहले किन्नर महामंडलेश्वर हेमांगी सखी मां ने इस पर गहरी आपत्ति जताई थी। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा था कि यह अखाड़ा किन्नर समाज के लिए बना था, लेकिन इसमें अब महिला को स्थान दे दिया दया है। अगर ऐसा ही करना है, तो इसका नाम बदलकर दूसरा कोई नाम रख लो। उन्होंने कहा कि इस महाकुंभ में कई सेलेब्रिटी आए स्नान करने लेकिन हमने कोई भी कमेंट नहीं किया लेकिन आज करना पड़ रहा है। इसका कारण है कि ममता कुलकर्णी जैसी फिल्मस्टार का संबंध डी कंपनी से रहा और ड्रग के आरोप में जेल गईं।