पीरियड्स में क्यों नहीं खाना चाहिए अचार, जानें किस तरह का खट्टा कर सकते हैं डाइट में शामिल
महिलाओं को अकसर पीरियड्स के दौरान अचार जैसी खट्टी चीजें खाने की मनाही होती है। क्या आप इसके पीछे की वजह जानते हैं? क्या ऐसा करना वाकई ठीक है या यह भी एक मिथक ही है। आइए जानते हैं-

आपने अकसर घर की बड़ी-बुजुर्ग महिलाओं को पीरियड्स के दौरान अचार जैसी खट्टी चीजों को खाने से बचने की सलाह देते हुए कई बार सुना होगा। लेकिन क्या आप इसके पीछे की असल वजह जानते हैं? आखिर पीरियड्स के दौरान खट्टा खाने से क्या होता है? अगर आपके मन को भी हर महीने इस तरह के सवाल अकसर परेशान करते हैं तो आइए जान लेते हैं क्या है इसका सही जवाब।
पीरियड्स के दौरान क्यों नहीं खाना चाहिए अचार?
पीरियड्स के दौरान खट्टी चीजों का सेवन करने से मासिक धर्म चक्र प्रभावित होने के साथ ऐंठन की समस्या भी बढ़ सकती है। डॉक्टरों की मानें तो खट्टे पदार्थ दो तरह के होते हैं। पहले वो, जिसमें अचार की तरह बहुत अधिक मसाले, तेल का यूज होने के साथ वो प्रोसेस्ड और डिब्बाबंद फूड्स होते हैं। जिनका सेवन पीरियड्स के दौरान करने से व्यक्ति के शरीर में पानी की कमी होने की वजह से ब्रेस्ट में भारीपन, क्रैम्प और ब्लोटिंग की समस्या महसूस हो सकती है। आइए जान लेते हैं पीरियड्स के दौरान अचार खाने से सेहत को और क्या नुकसान हो सकते हैं।
पेट में दर्द और सूजन
पीरियड्स के दौरान महिलाएं पेट दर्द और सूजन की समस्या से परेशान रहती हैं। ऐसे समय में अचार जैसी खट्टी चीजों को खाने से पेट में एसिडिटी की समस्या बढ़ सकती है। एसिडिटी बढ़ने से महिला को पेट में जलन और तेज दर्द महसूस हो सकता है। यही वजह है कि पीरियड्स के दौरान अचार और अधिक खट्टा खाने से बचने की सलाह दी जाती है। इसके विपरीत डॉक्टर इस समय महिला को हल्का और पौष्टिक आहार लेने की सलाह देते हैं, जिससे पेट दर्द और सूजन में आराम मिल सके।
पाचन तंत्र पर बुरा असर
अचार जैसे खट्टे खाद्य पदार्थों में मसालों की अधिकता होने की वजह से यह महिला के पाचन तंत्र को प्रभावित कर सकते हैं। पीरियड्स के दौरान महिला का पाचन तंत्र पहले से ही काफी संवेदनशील होता है, जो अचार खाने से पाचन संबंधी समस्याओं को और ज्यादा बढ़ा सकता है।
त्वचा पर असर
पीरियड्स के दौरान होने वाले हार्मोनल बदलाव की वजह से त्वचा पर पिम्पल्स और एक्ने की समस्या परेशान कर सकती है। ऐसे में अधिक तेल और मसालों से बना अचार आपकी इन समस्याओं को और बढ़ा सकता है। यही वजह है कि इन दिनों में अचार और खट्टा खाने से बचने की सलाह दी जाती है। ताकि त्वचा से जुड़ी इन समस्याओं को दूर रखा जा सके।
पीरियड्स के दौरान किस तरह का खट्टा खाया जा सकता है
डॉक्टरों की मानें तो नींबू, आंवला या किसी भी तरह के सिट्रिक फूड का जूस का सेवन पीरियड्स के दौरान किया जा सकता है। इनमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन सी ब्लड फ्लो को अच्छा बनाए रखने के साथ शरीर में आयरन की कमी को भी पूरा करने में मदद करते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।