Hindi Newsझारखंड न्यूज़stones pelted several injured, shops torched after clash between two groups during Holi procession in Jharkhand Giridih

जुलूस पर पथराव, दुकानों में आग और कई घायल; होली के जश्न के बीच झारखंड के गिरिडीह में बवाल

झारखंड के गिरिडीह जिले में शुक्रवार को होली जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच हुई झड़प में कई लोग घायल हो गए और कम से कम तीन दुकानों में कथित तौर पर आग लगा दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है।

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, गिरिडीह। पीटीआईSat, 15 March 2025 06:06 AM
share Share
Follow Us on
जुलूस पर पथराव, दुकानों में आग और कई घायल; होली के जश्न के बीच झारखंड के गिरिडीह में बवाल

झारखंड के गिरिडीह जिले में शुक्रवार को होली जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच हुई झड़प में कथित तौर पर कई लोग घायल हो गए। वहीं, कई बाइक और कारों के साथ ही तीन दुकानों में भी आग लगा दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना घोडथंबा में उस समय हुई जब एक समूह ने होली के जुलूस का इलाके से गुजरने का विरोध किया, जिसके बाद झड़प हो गई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव किया।

खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि इलाके में शांति बहाल करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति नियंत्रण में है और इस पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल ने एएनआई से बात करते हुए कहा, "घोडथंबा ओपी क्षेत्र में दो समुदायों के बीच झड़प की घटना सामने आई है। होली मनाने के दौरान यह घटना हुई। हम दोनों समुदायों की पहचान कर रहे हैं, हम लोगों की भी पहचान कर रहे हैं। पहचान होने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी को कोई बड़ी चोट नहीं आई है। कुछ वाहनों में आग भी लगाई गई।

गिरिडीह हिंसा पर डिप्टी डेवलपमेंट कमिश्नर स्मिता कुमारी ने एएनआई से बात करते हुए कहा, "होली समारोह के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश की गई थी, लेकिन अब स्थिति कंट्रोल में है। हमें मिली जानकारी के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्वों ने कुछ वाहनों में आग लगा दी। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

होली पर राजधानी रांची में पूरी तरह अलर्ट रही पुलिस

झारखंड की राजधानी रांची में शुक्रवार को होली के दिन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने को पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। कुछ लोगों ने कल होली खेली, जबकि कुछ लोग शनिवार को होली खेलेंगे। दो दिन होली पर्व को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। राजधानी रांची के सभी चौक चौराहा पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।

राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था चुस्त और दुरुस्त रहे इसके लिए डीआईजी सह रांची एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा लगातार शहर के अलग-अलग जगह पर घूम घूम कर तैनात सुरक्षा बलों को निर्देश दिए हैं। साथ ही एसएसपी क्यूआरटी के साथ खुद सड़कों पर निकल कर पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए।

एसएसपी ने बताया कि हर तरफ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। होली भाईचारे का पर्व है। वहीं रमजान का महीना चल रहा है। सभी लोग मिलजुल कर दोनों पर्व मना रहे हैं। उन्होंने बताया कि रांची में दो दिनों 14 और 15 मार्च को होली मनाई जा रही है। इसे देखते हुए लगातार दो दिनों तक राजधानी रांची में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। 14 से 15 मार्च तक पुलिस सड़कों पर होली को लेकर अलर्ट है। एसएसपी ने बताया कि होली को लेकर रांची जिला बल के अलावा रैफ और होमगार्ड के जवानों को लगाया गया है। सभी थानों में क्विक रिस्पांस टीम भी तैनात की गई है।

सिन्हा ने बताया कि माहौल बिगाड़ने वालों पर पुलिस का विशेष फोकस है। एसएसपी ने आम लोगों से यह अपील की है कि वह किसी भी हाल में किसी भी विवादित या आपत्तिजनक वीडियो को सोशल मीडिया में वायरल ना करें, यह कानूनी रूप से गलत है। ऐसा करने वाले लोगों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।