पलामू के 52 स्कूलों का मई माह में होगा सर्टिफिकेशन
पलामू के 52 स्कूलों का मई में सर्टिफिकेशन किया जाएगा। तीन मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, 22 आदर्श विद्यालय और 27 पीएम श्री स्कूल शामिल हैं। सर्टिफिकेशन के दौरान 75% बच्चों की उपस्थिति अनिवार्य है।...

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। पलामू के 52 स्कूलों का मई माह में सर्टिफिकेशन किया जाएगा। इसके लिए जिन स्कूलों का सर्टिफिकेशन किया जाना है,वहां पर तैयारी शुरू कर दी गई है। जिले के चयनित 52 स्कूलों में तीन मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, 22 प्रखंड स्तरीय आदर्श विद्यालय और जिले में संचालित 27 पीएम श्री स्कूलों का सर्टिफिकेशन किया जाना है। इस संदर्भ में समग्र शिक्षा अभियान को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह का पत्र प्राप्त हो गया है। पलामू समग्र शिक्षा अभियान के एडीपीओ संजय कापरी ने कहा कि चयनित स्कूलों का सर्टिफिकेशन एजुकेशन इंर्सिटिव संस्था के द्वारा किया जाएगा। इसके लिए तिथि भी निर्धारित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि एजुकेशन इंर्सिटिव संस्था की टीम पलामू में पांच, छह और सात मई को चयनित स्कूलों का सर्टिफिकेशन का कार्य करेगी। 100 मार्क्स का सर्टिफिकेशन किया जाना है। बेहतर अंक प्राप्त करने वाले स्कूलों को गोल्ड, ब्राउंज व सिल्वर मेडल के साथ सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। एजुकेशन इंर्सिटिव संस्था के टीम के द्वारा इन स्कूलों का भ्रमण कर वहां के बच्चों की दक्षता जांच, स्कूलों की भौतिक स्थिति एवं शैक्षणिक वातावरण का आंकलन किया जाएगा। मानक के अनुरूप जो स्कूलों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है।
एडीपीओ ने कहा कि राज्य स्तर से कुछ मानक तय किये गए हैं,जिसे स्कूलों को पूरा करना करना अनिवार्य है। सर्टिफिकेशन के समय बच्चों की 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होनी चाहिए। इसके अलावे बच्चों के लर्निंग आउटकम पर स्कूलों को 60 प्रतिशत मार्क्स दिया जाएगा। स्कूलों की स्थिति पर 15 प्रतिशत और स्कूलों के वातावरण तथा सेफ्टी पर 25 प्रतिशत अंक निर्धारित किया गया है। 100 मार्क्स पर स्कूलों का सर्टिफिकेशन किया जाना है। सर्टिफिकेशन के लिए चयनित जिन स्कूलों में बच्चों की 75 प्रतिशत उपस्थिति नहीं होगी तो वैसे स्कूलों के विरूद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।