दो साइबर अपराधी क्राइम करते रंगेहाथ गिरफ्तार
गिरिडीह में साइबर पुलिस ने दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये अपराधी विभिन्न राज्यों में 16 मामलों में शामिल थे। उनके पास से मोबाइल, सिमकार्ड, एटीएम और पैन कार्ड बरामद किए गए हैं। पूछताछ में...

गिरिडीह, प्रतिनिधि। प्रतिबिम्ब पोर्टल से मिली सूचना पर साइबर पुलिस ने दो साइबर अपराधियों को क्राइम करते रंगेहाथ पकड़ा है। दरअसल, एसपी डॉ बिमल कुमार को प्रतिबिम्ब पोर्टल से सूचना मिली थी। इस सूचना पर एसपी के निर्देश पर साइबर डीएसपी आबिद खान ने बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बेरगी रेलवे ब्रिज (जामबाद, लालपुर टोला) के पास छापामारी की। इस छापामारी में दो साइबर अपराधी पकड़े गये। पकड़े गये दोनों साइबर अपराधी दिल्ली समेत देश के सात राज्यों के 16 कांडों में शामिल रहे हैं। यह जानकारी साइबर डीएसपी आबिद खान ने शुक्रवार को दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार साइबर अपराधियों में गांडेय थाना क्षेत्र के पंदनाटांड़ निवासी रफाउल अंसारी एवं मो. समीर अंसारी शामिल हैं।
पकड़े गये दोनों साइबर अपराधियों के पास से सात मोबाइल, 11 सिमकार्ड, तीन एटीएम और पैन कार्ड बरामद किया गया है। पूछताछ में कबूला जुर्म : डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद दोनों से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने साइबर अपराध में अपना जुर्म कबूल कर लिया। दोनों अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को फोन करते हैं। इस दौरान फोन कर कहा जाता है कि केवाईसी अपडेट करवाना है। जो लोग झांसे में आ जाते हैं उनके खाते से ये लोग रूपये निकाल लेते हैं। इसके अलावा एयरटेल पेमेंट बैंक एवं बंधन बैंक का एपीके फाइल भेज कर लोगों के साथ ठगी करते हैं। दोनों है आदतन अपराधी डीएसपी ने बताया कि गहराई से छानबीन करने पर यह पता चला कि इन दोनों के खिलाफ उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, छतीसगढ़, मध्य प्रदेश, दिल्ली समेत अन्य राज्य में साइबर अपराध से संबंधित 16 शिकायत दर्ज है। ये लोग आदतन अपराधी हैं। इन दोनों अपराधियों के द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर लगातार साइबर क्राइम को अंजाम दिया जा रहा था। छापामारी में ये थे शामिल: छापामारी में डीएसपी आबिद खान, साइबर थाना प्रभारी अजय कुमार, अवर निरीक्षक पुनीत कुमार गौतम, राम प्रवेश यादव, हवलदार बिलिचदान लकड़ा, धरमाल मुर्मू आदि पुलिसकर्मी शामिल थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।