पहली पत्नी के रहते युवक ने रचाई दूसरी शादी, पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार
देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र की 25 वर्षीय महिला ने अपने पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। महिला ने कहा कि उसकी पहली शादी 2021 में हुई थी, लेकिन पति ने बिना बताये दूसरी शादी कर ली। उसने मोहनपुर...

देवघर, प्रतिनिधि। जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में दूसरी शादी को लेकर एक महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कुंडा थाना क्षेत्र की 25 वर्षीय महिला ने मोहनपुर थाना में आवेदन देकर कटवन गांव निवासी अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने उसे बिना बताए दूसरी शादी कर ली, जबकि वह अब भी पहली पत्नी के रूप में जीवित और वैध रूप से विवाहिता है। महिला के अनुसार, उसकी शादी वर्ष 2021 में हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी। शादी के शुरुआती दो वर्षों तक दोनों का दांपत्य जीवन सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद दोनों के बीच आपसी विवाद शुरू हो गया।
इसके बाद उसका पति काम करने के बहाने घर से चला गया और कई दिनों तक वापस नहीं लौटा। कुछ दिन पूर्व जब वह लौटा, तो महिला को पता चला कि उसने गुपचुप तरीके से दूसरी शादी कर ली है। जब पीड़िता इस मामले में जानकारी लेने ससुराल पहुंची, तो उसके साथ गाली-गलौज की गई और मारपीट की धमकी भी दी गई। महिला ने बताया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसका साथ देने की बजाय उसे डराने और चुप रहने का प्रयास किया। इसके बाद उसने साहस जुटाकर मोहनपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी और न्याय की मांग की। पीड़िता ने पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यह न केवल उसके अधिकारों का हनन है, बल्कि महिला सम्मान और कानून के खिलाफ भी है। मोहनपुर थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक ने वास्तव में दूसरी शादी की है या नहीं, और यदि की है तो क्या उसने विवाह से संबंधित किसी प्रकार की धोखाधड़ी की है। यह मामला समाज में महिलाओं के अधिकार और विवाह संस्था की गंभीरता पर भी सवाल खड़ा करता है। अब देखना यह है कि कानून इस पीड़ित महिला को कितनी जल्द न्याय दिलाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।