जेल में बंद दो साइबर अपराधी महाराष्ट्र पुलिस रिमांड पर ले गई
देवघर केंद्रीय कारा में बंद दो साइबर अपराधियों, मिथुन कुमार और अर्जुन कुमार, को महाराष्ट्र साइबर सेल ने रिमांड पर लिया है। इन पर महाराष्ट्र में 6.5 लाख रुपये की ठगी का आरोप है। पूछताछ में पुलिस को ठगी...

देवघर, प्रतिनिधि। देवघर केंद्रीय कारा में बंद दो साइबर अपराधियों को महाराष्ट्र साइबर सेल की टीम ने रिमांड पर लिया है। दोनों आरोपियों पर महाराष्ट्र में 6.5 लाख रुपये की ठगी करने का गंभीर आरोप है। देवघर की साइबर थाना पुलिस द्वारा पूर्व में गिरफ्तार किए गए ये दोनों आरोपी देवघर जिला अंतर्गत माधोपुर थाना क्षेत्र के चेतनारी गांव के निवासी हैं। इनकी पहचान मिथुन कुमार और अर्जुन कुमार के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार, महाराष्ट्र साइबर सेल को दोनों आरोपियों के खिलाफ की गई साइबर ठगी की जानकारी मिली थी। इसी सिलसिले में महाराष्ट्र के बीड जिले की पुलिस टीम बुधवार देर शाम देवघर पहुंची।
पुलिस टीम का नेतृत्व एसआई गणेश सोमनाथ घुले कर रहे थे। देवघर पहुंचते ही उन्होंने साइबर थाना प्रभारी से संपर्क किया और पूरे मामले की जानकारी साझा की। इसके बाद दोनों आरोपियों की पूरी जानकारी लेकर टीम केंद्रीय कारा पहुंची, जहां दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में थे। महाराष्ट्र पुलिस ने कोर्ट से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों को रिमांड पर लिया। इसके बाद आरोपियों को नगर थाना लाया गया, जहां घंटों पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान महाराष्ट्र पुलिस ने उनसे साइबर ठगी के तौर-तरीकों, बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, फर्जी दस्तावेजों और ठगी में इस्तेमाल किए गए तकनीकी साधनों को लेकर कई अहम सवाल किए। सूत्रों की मानें तो पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं। पूछताछ के उपरांत कोर्ट के आदेशानुसार दोनों आरोपियों को महाराष्ट्र ले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्यवाही पूरी करने के बाद दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र रवाना करने की तैयारी कर ली है। बता दें कि दोनों आरोपी पहले भी देवघर साइबर थाना की रडार पर थे और कुछ सप्ताह पहले ही साइबर ठगी में लिप्त पाए जाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जांच में यह भी सामने आया था कि वे विभिन्न राज्यों में लोगों को फर्जी कॉल, लिंक भेजकर बैंक खातों से पैसे निकालने जैसे कृत्यों में शामिल थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।