Notification Icon
Hindi Newsविदेश न्यूज़Now China is messing with Japan as well reached in its air space

अब जापान से पंगा ले रहा है चीन, विमान लेकर इलाके में घुसा; बढ़ सकता है तनाव

  • एएनआई ने जापान की मीडिया के हवाले से लिखा है कि इस घटनाक्रम से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ सकता है। जापान के विदेश मंत्रालय ने बताया है कि उपविदेश मंत्री मासाताका ओकानो ने चीन के कार्यकारी राजदूत को तलब किया और 'बेहद गंभीर विरोध' दर्ज कराया है। साथ ही इसे रोकने के लिए उपाय करने के लिए कहा है।

Nisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तानTue, 27 Aug 2024 05:16 AM
share Share

अब चीन जापान के हवाई क्षेत्र में दखल दे रहा है। सोमवार को ही जापान ने इसकी जानकारी दी है और कहा है कि चीन ने हमारे हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है। खास बात है कि यह पहली बार है जब कोई चीनी विमान ने ऐसा काम किया हो। इसे लेकर जापान सरकार ने चीन के कार्यकारी राजदूत को तलब किया और विरोध दर्ज कराया है।

जापान मंत्रालय का कहना है कि सोमवार सुबह 11 बजकर 29 मिनट पर Y-9 निगरानी विमान ने ईस्ट चाइना सी में नागासाकी प्रांत में दांजो द्वीपों के पास हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया। जापान का कहना है कि चीन का विमान क्षेत्र में करीब 2 मिनटों तक रहा, जिसके चलते 'आपातकालीन' स्थिति में जापान को भी लड़ाकू विमान तैनात करने पड़ गए थे।

समाचार एजेंसी एएनआई ने जापान की मीडिया के हवाले से लिखा है कि इस घटनाक्रम से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ सकता है। जापान के विदेश मंत्रालय ने बताया है कि उपविदेश मंत्री मासाताका ओकानो ने चीन के कार्यकारी राजदूत को तलब किया और 'बेहद गंभीर विरोध' दर्ज कराया है। साथ ही इसे रोकने के लिए उपाय करने के लिए कहा है।

क्या हो सकती है वजह

क्योदो न्यूज एजेंसी ने जापान के रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से बताया है कि 'हो सकता है की चीन जापान से प्रतिक्रिया चाह रहा हो।' खास बात है कि क्षेत्र में और ताइवान के साथ चीन की बढ़ती आक्रमकता ने अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए चिंताएं बढ़ा दी हैं। जापान भी भारत, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका के साथ QUAD समूह का हिस्सा है।

जापान के प्रशासन वाले ईस्ट चाइना सी में सेनकाकू द्वीपों पर चीन दावा करता है। इसे लेकर जापान और चीन की नौकाओं के बीच टकराव भी हुआ है। उत्सुरी आईलैंड, मिनामीकोजिमा और किताकोजीमा विवादित द्वीपों को चीन में दियायु के तौर पर जाना जाता है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें