Notification Icon
Hindi Newsहरियाणा न्यूज़Rajya Sabha polls why BJP Krishan Lal Panwar Congress Ajay Maken from Haryana surprised many

राज्यसभा चुनाव: हरियाणा में भाजपा-कांग्रेस की पसंद से क्यों सरप्राइज हैं लोग? समीकरण साधने में जुटीं पार्टियां

कांग्रेस ने सुरजेवाला को राजस्थान से नामित करने का फैसला किया है। जाहिर तौर पर कांग्रेस का फैसला रणदीप सिंह सुरजेवाला के गृह राज्य हरियाणा में गुटबाजी से बचने के प्रयास में लिया गया प्रतीत होता है।

Amit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, चंडीगढ़Mon, 30 May 2022 02:48 AM
share Share

भाजपा ने पूर्व मंत्री कृष्ण लाल पंवार और कांग्रेस ने राजस्थान पार्टी के प्रभारी अजय माकन को हरियाणा से राज्यसभा चुनाव के लिए नामित किया है, लेकिन दोनों ही पार्टियों के फैसले ने यहां के राजनीतिक हलकों में कई लोगों को चौंका दिया। हालांकि अपने फैसले से दोनों ही पार्टियों ने कई राजनीतिक समीकरणों को साधने के प्रयास किए हैं। 

कांग्रेस ने हरियाणा के पूर्व मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला को राजस्थान से नामित करने का फैसला किया है। जाहिर तौर पर कांग्रेस का फैसला रणदीप सिंह सुरजेवाला के गृह राज्य हरियाणा में गुटबाजी से बचने के प्रयास में लिया गया प्रतीत होता है। 

वहीं भाजपा ने अपने राज्यसभा उम्मीदवार के लिए कृष्ण लाल पंवार को चुना। पंवार अनुसूचित जाति से आते हैं। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने यह कदम अनुसूचित जाति को लुभाने के लिए उठाया है। इससे पहले, कैप्टन अभिमन्यु, राम बिलास शर्मा, ओम प्रकाश धनखड़ और विपुल गोयल जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम भगवा पार्टी के संभावित उम्मीदवारों के रूप में चर्चा में थे। 

कांग्रेस में भी, पूर्व मंत्री कुमारी शैलजा और पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई के नाम विशेष रूप से हाल ही में भूपिंदर सिंह हुड्डा के वफादार उदय भान की हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति के बाद से चर्चा में थे।

हरियाणा की कुल पांच राज्यसभा सीटों में से दो राज्यसभा सीटों के लिए (यदि आवश्यक हो) 10 जून को चुनाव होंगे, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 मई है। हरियाणा विधानसभा में उनकी संख्या को देखते हुए, राज्यसभा की एक-एक सीट सत्ताधारी बीजेपी-जेजेपी गठबंधन और एक प्रमुख विपक्षी कांग्रेस को मिलने की संभावना है।

कांग्रेस ने राज्यसभा के लिए 10 जून को होने वाले चुनाव के लिए रविवार को 10 उम्मीदवारों की घोषणा की, जिसमें केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम, जयराम रमेश और अजय माकन के साथ ही पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला शामिल हैं।

चिदंबरम को तमिलनाडु, रमेश को कर्नाटक, माकन को हरियाणा और सुरजेवाला को राजस्थान से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने मुकुल वासनिक और प्रमोद तिवारी को राजस्थान से, विवेक तन्खा को मध्य प्रदेश, राजीव शुक्ला और रणजीत रंजन को छत्तीसगढ़ तथा इमरान प्रतापगढ़ी को महाराष्ट्र से उम्मीदवार बनाया है।

अगले दो महीनों में राज्यसभा में 55 सीट रिक्त हो रही हैं। सात कांग्रेस सदस्य चिदंबरम (महाराष्ट्र), रमेश (कर्नाटक), अंबिका सोनी (पंजाब), विवेक तन्खा (मध्य प्रदेश), प्रदीप टम्टा (उत्तराखंड), कपिल सिब्बल (उत्तर प्रदेश) और छाया वर्मा (छत्तीसगढ़) अपने कार्यकाल पूरे करेंगे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें