Notification Icon
Hindi Newsहरियाणा न्यूज़Haryana Assembly Elections Karnadev Kamboj joins Congress unhappy over BJP for ticket distribution

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए टिकट बंटवारे से भाजपा में नाराजगी, एक और सिपाही ने डाले हथियार

  • हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में भाजपा की तरफ से टिकट काटे जाने से कई नेता नाराज हैं। इसी क्रम में कर्णदेव काम्बोज भाजपा का दामन छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।

Himanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तानFri, 13 Sep 2024 11:18 AM
share Share

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट बंटवारे को लेकर पार्टी के भीतर असंतोष और नाराजगी बढ़ रही है। कई पुराने नेता टिकट न मिलने से  बगावत पर उतर आए हैं। इनमें प्रमुख नाम कर्णदेव काम्बोज का नाम भी सामने आ रहा है। काम्बोज शुक्रवार को भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए। काम्बोज हरियाणा भाजपा के ओबीसी मोर्चा के प्रमुख थे। टिकट न मिलने के बाद वह काफी नाराज थे और हाल ही में अपने सभी पदों से इस्तीफा भी दे चुके थे।

भाजपा से नाराज काम्बोज हुए कांग्रेस में शामिल

कर्णदेव काम्बोज रादौर या इंद्री सीट से टिकट के दावेदार थे लेकिन पार्टी ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया। इसके बाद उन्होंने भाजपा पर पुराने और निष्ठावान नेताओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। काम्बोज का कहना है कि भाजपा ने उन लोगों को टिकट दिया जो हाल ही में पार्टी में शामिल हुए थे या दलबदल कर आए थे, जबकि जो नेता वर्षों से पार्टी के लिए काम कर रहे थे उन्हें मौका नहीं दिया गया। काम्बोज ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान की मौजूदगी में कांग्रेस का हाथ थाम लिया।

बगावत पर आईं सीमा गैबीपुर भी

काम्बोज के अलावा, उकलाना सीट से टिकट न मिलने पर भाजपा की वरिष्ठ नेता सीमा गैबीपुर ने भी पार्टी से सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। सीमा गैबीपुर को उकलाना से टिकट का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन भाजपा ने जेजेपी से आए मंत्री अनूप धानक को टिकट दिया। इससे नाराज होकर सीमा ने पार्टी पर टिकट बंटवारे में संगठन की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

हरियाणा में 5 अक्टूबर को हैं चुनाव

भाजपा ने हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लाडवा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि करनाल सीट से जगमोहन आनंद को मैदान में उतारा गया है। करनाल सीट से पहले पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर विधायक थे जो अब सांसद बन चुके हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मतदान पांच अक्टूबर को होगा और मतगणना आठ अक्टूबर को होगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें