Notification Icon
Hindi Newsहरियाणा न्यूज़aam aadmi party reaction on rahul gandhi coalition proposal

हरियाणा में हार्ड डील पर ही मानेगी AAP, राहुल गांधी ने जताई थी गठबंधन की इच्छा

  • आम आदमी पार्टी ने साफ कर दिया है कि 4 या 5 सीट लेकर राजी नहीं होंगे। वहीं कांग्रेस के लिए इससे ज्यादा कुछ दे पाना मुश्किल होगा। खासतौर पर स्थानीय इकाई इसके लिए राजी नहीं होगी क्योंकि उसे लगता है कि अकेले दम पर ही कांग्रेस चुनाव में जीत हासिल कर सकती है।

Surya Prakash लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीTue, 3 Sep 2024 08:05 AM
share Share

हरियाणा में उम्मीदवारों के चयन को लेकर हुई कांग्रेस की चुनाव समिति की मीटिंग में राहुल गांधी ने आम आदमी पार्टी से गठबंधन की इच्छा जाहिर की थी। उन्होंने कांग्रेस की हरियाणा इकाई से इस पर विचार करने को कहा था। इस बीच आम आदमी पार्टी ने इरादे जता दिए हैं कि यदि गठबंधन पर सहमति बनती है तो वह आसान डील में नहीं मानेगी। आम आदमी पार्टी ने साफ कर दिया है कि 4 या 5 सीट लेकर राजी नहीं होंगे। वहीं कांग्रेस के लिए इससे ज्यादा कुछ दे पाना मुश्किल होगा। खासतौर पर स्थानीय इकाई इसके लिए राजी नहीं होगी क्योंकि उसे लगता है कि अकेले दम पर ही कांग्रेस चुनाव में जीत हासिल कर सकती है।

गठबंधन के सवाल पर हरियाणा में आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने कहा कि गठबंधन के मसले पर हाई कमान फैसले लेगा। उन्होंने कहा, 'यदि हाईकमान मुझसे कहता है तो मैं अपने विचार रखूंगा। मेरा स्पष्ट मानना है कि आम आदमी पार्टी को 4 या 5 सीट लेकर गठबंधन पर राजी नहीं होना चाहिए। हमारा फोकस सभी 90 सीटों पर है। लेकिन एक अनुशासित सिपाही के तौर पर हम राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से यदि कोई फैसला लिया जाता है तो हम उसे स्वीकार करेंगे।' इस तरह सुशील गुप्ता ने साफ कर दिया कि आम आदमी पार्टी सॉफ्ट डील नहीं करने जा रही।

सुशील गुप्ता लोकसभा चुनाव में कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से उतरे थे। वह यहां दूसरे नंबर पर रहे थे और भाजपा के नवीन जिंदल को जीत मिली थी। आम आदमी पार्टी सूत्रों का कहना है कि पार्टी कुरुक्षेत्र के अलावा करनाल, पानीपत, अंबाला बेल्ट में अपनी मजबूत उपस्थिति रखती है। सुशील गुप्ता ने कहा, 'राष्ट्रीय नेतृत्व के आदेश पर हम सभी 90 सीटों पर तैयारी कर रहे हैं। हम हर विधानसभा में बैठकें कर रहे हैं। हम लगातार कार्यक्रम कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी हरियाणा में बहुमत की सरकार बनाने के लिए उतरी है। भाजपा की तानाशाही सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए हम जुटे हैं।'

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें