Hindi Newsगुजरात न्यूज़aap wins seats in gujarat local body elections after delhi defeat

दिल्ली की हार के बाद केजरीवाल के लिए गुजरात से आई खुशखबरी, कई सीटों पर AAP की जीत

दिल्ली में विधानसभा चुनाव की हार के बाद आम आदमी पार्टी को पहले छत्तीसगढ़ और अब गुजरात से खुशखबरी मिली है। गुजरात में हुए निकाय चुनाव में अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने कई सीटों पर जीत हासिल की है।

Sudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, अहमदाबादTue, 18 Feb 2025 12:35 PM
share Share
Follow Us on
दिल्ली की हार के बाद केजरीवाल के लिए गुजरात से आई खुशखबरी, कई सीटों पर AAP की जीत

दिल्ली में विधानसभा चुनाव की हार के बाद आम आदमी पार्टी (आप) को पहले छत्तीसगढ़ और अब गुजरात से खुशखबरी मिली है। गुजरात में हुए निकाय चुनाव में अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने करीब 2 दर्जन सीटों पर जीत हासिल की है। दिल्ली की हार से निराश पार्टी के लिए छत्तीसगढ़ और गुजरात से मिली खुशखबरी को बड़ा बूस्टर डोज माना जा रहा है।

द्वारका में मिली आप को जीत

देवभूमि द्वारका में आम आदमी पार्टी को जीत की खुशी मिली है। यहां सलाया के वार्ड नंबर एक और 2 में आम आदमी पार्टी परचम लहराया है। वार्ड-1 में पार्टी के सभी उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। यहां भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवारों के बीच नजदीके मुकाबले का फायदा आम आदमी पार्टी को मिला। सलाया नगरपालिका के वार्ड-2 से भी आप के सभी चार प्रत्याशियों ने जीत हासिल की।

जूनागढ़ में भी AAP झाड़ू को सफलता

जूनागढ़ जिले की मांगरोल नगरपालिका के वॉर्ड- 3 में भी 'झाड़ू' को लोगों ने पसंद किया। यहां आम आदमी पार्टी के सभी चारों प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है।

करजण नगरपालिका में भी 5 सीटों पर जीत

करजण नगरपालिका वॉर्ड- 3 से आम आदमी पार्टी के दिग्विजयसिंह (पप्पुभाई) अटोदरीया ने जीत हासिल की है। करजण नगरपालिका में आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी मीनाबेन चावड़ा और निताबहन ने जीत हासिल की है। करजण नगरपालिका में आम आदमी पार्टी से 5 पार्षद जीत चुके हैं। डेडियापाड़ा तालुका की झाक तालुका पंचायत बैठक से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी को 2600 से ज्यादा वोटों से जीत मिली।

वड़ोदरा में भी AAP का भी 'चौका'

वड़ोदरा जिले में भी 'आप' ने अपनी जमीन मजबूत की है। यहां अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की।

मंगरोल नगर पालिका में भी खुला AAP का खाता

मंगरोल नगर पालिका में भी आम आदमी पार्टी का खाता खुल गया है। यहां पार्टी ने एक सीट पर कब्जा जमाया है। भाजपा ने यहां 36 में से 15 सीटों पर जीत हासिल की, कांग्रेस के पास भी 15 सीटें हैं। यहां एक निर्दलीय और बसपा के 4 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की।

जामनगर की जामजोधपुर नगर पालिका में AAP की एंट्री

जामनगर की जामजोधपुर नगर पालिका में भी आप ने खाता खोला है। यहां भाजपा ने 28 सीटों में से भाजपा ने 27 पर कब्जा जमाया तो 'आप' ने एक सीट पर जीत दर्ज की।

गिर सोमनाथ में दी कड़ी टक्कर

गिर सोमनाथ जिले की चित्रवड तालुका पंचायत में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी राज पड़ानीया ने अच्छा प्रदर्शन किया। हालांकि, वह 31 वोट से चुनाव हार गए।

कहां-कहां हुआ था चुनाव

जूनागढ़ नगर निगम, 66 नगर पालिकाओं और तीन तालुका पंचायतों में रविवार को चुनाव कराए गए थे। वहीं, बोटाद और वांकानेर नगर पालिकाओं में मध्यावधि चुनाव कराए गए थे, जबकि विभिन्न कारणों से रिक्त पड़ी विभिन्न स्थानीय और शहरी निकायों की 106 सीट पर उपचुनाव हुए थे।

छत्तीसगढ़ में भी AAP का खुला खाता

तीन दिन पहले ही 'आप' को छत्तीसगढ़ में भी खुशखबरी मिली। यहां बिलासपुर की बोदरी नगरपालिका के अध्यक्ष पद पर 'आप' प्रत्याशी नीलम विजय वर्मा ने जीत हासिल की।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें