आतिफ को कॉपी कर रहा था कंटेस्टेंट, विशाल ने लगाई क्लास, बोले- होटल के बाहर गाते रह जाओगे
- इंडियन आइडल 15 जल्द ही शुरू होने वाला है। शो का एक प्रोमो वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विशाल ददलानी एक कंटेस्टेंट की क्लास लगाते नजर आ रहे हैं। वो कंटेस्टेंट को आतिफ असलम की कॉपी करने के लिए डांटते नजर आ रहे हैं।

सोनी टीवी का सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल जल्द ही अपने नए सीजन के साथ वापसी करने जा रहा है। इंडियन आइडल का नया सीजन 26 अक्टूबर से शुरू होगा। इस साल श्रेया घोषाल, बादशाह और विशाल ददलानी जज की कुर्सी पर बैठे नजर आएंगे। इस बीच शो का एक प्रोमो वीडियो सोशल मीडिया पर घूम रहा है। इस वीडियो में विशाल ददलानी एक कंटेस्टेंट की क्लास लगाते नजर आ रहे हैं। दरअसल, कंटेस्टेंट आतिफ असलम का गाना गा रहा था। विशाल ने बीच में ही गाना रोक कर उस कंटेस्टेंट से कहा कि अगर उनकी कॉपी करते रहोगे तो रेस्तरां और होटल में ही गाना गाते रह जाओगे।
कंटेस्टेंट से इस वजह से नाराज हुए विशाल ददलानी
सोनी टीवी ने इंडियन आइडल 15 का प्रोमो वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में 21 साल के लक्ष्य मेहता आतिफ असलम का गाना 'पहली नजर में' गा रहे होते हैं। गाने को सुनते ही श्रेया अपना हेडफोन निकाल देती है। इसके बाद, विशाल गाना गा रहे कंटेस्टेंट को बीच में रोकते हैं और उनसे कहते हैं, "ऐसे मत गाइए। ये इंडियन आइडल है। यहां से आइडल निकलते हैं। उनको कॉपी करने की कोशिश मत करिए। वो बहुत बड़े आर्टिस्ट हैं। जिस दिन आप उन्हें कॉपी करने लगेंगे, होटल और रेस्तरां में ही गाना गाते रह जाएंगे।"
क्या बोल रहे सोशल मीडिया यूजर्स
इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स भी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक इंस्टाग्राम यूजर ने लिखा- बिल्कुल सही बात विशाल सर। वहीं, एक दूसरे यूजर ने लिखा कि अन्नू मलिक होते तो बैंड बजा देते। एक तीसरे यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि बहुत बढ़िया सलाह, सर।
इंडियन आइडल 26 अक्टूबर से हर शनिवार और रविवार सोनी टीवी पर रात नौ बजे देखने को मिलेगा। इंडियन आइडल का पहला सीजन साल 2004 में शुरू हुआ था। वहीं, इस रियलिटी शो का पहला सीजन गायक अभिजीत सावंत ने जीता था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।