UP Police Bharti : यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती की दौड़ में 6 अभ्यर्थियों की गिरने से हड्डियां टूटीं
- यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती की दौड़ के दौरान कइयों की पैर और कमर की हड्डियां टूटीं। प्लास्टर चढ़ा। डॉक्टर ने कहा है कि इस उम्र में आस्टियोपोरोसिस चिंता का विषय है।

यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान दौड़ लगा रहे छह युवक शुक्रवार को गिर पड़े। अस्पताल में जांच होने पर पता चला कि सभी की हड्डियां टूट गई हैं। किसी के पंजे तो किसी के घुटने, कमर में फ्रैक्चर हुआ है। सभी को रामादेवी स्थित कांशीराम अस्पताल भेजा गया। कुछ को प्लास्टर चढ़ाया गया जबकि एक युवक को दो दिन इंतजार करने के लिए कहा गया है। यह सभी 22 से 24 वर्ष के हैं। परिजन उन्हें यह कहकर घर ले गए कि वह निजी अस्पताल से इलाज कराएंगे। डाक्टरों ने युवाओं के गिरने से हड्डियां टूटने को चिंताजनक बताया है।
उन्नाव के संजय सिंह पीएसी मैदान में भर्ती की दौड़ लगा रहे थे। छठे राउंड में अचानक वह गिर पड़े। पुलिस ने उन्हें सुबह 8.23 बजे कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया। उनके दोस्त रमेश पांडेय ने बताया कि दौड़ के दौरान संजय के पैर से आवाज आयी और वह गिर पड़े। कमर के पास फ्रैक्चर हो गया और मांस भी फट गया। डाक्टर ने उन्हें दो दिन तक इंतजार के बाद प्लास्टर चढ़ाने की सलाह दी है।
रायबरेली के अंकित कुमार भी चौथे राउंड में अचानक गिर पड़े। उनके दाहिने घुटने के नीचे फ्रैक्चर हुआ है। कांशीराम अस्पताल में सुबह 8.35 बजे उन्हें भर्ती कराया गया। एक साथी ने उन्हें सहारा देकर दौड़ाने का प्रयास किया लेकिन वह खड़े नहीं हो सके। प्लास्टर चढ़ाने के बाद परिजन उन्हें रायबरेली ले गए।
औरैया के अंशुल कुमार पीएसी मैदान में दौड़ पूरी करने के दौरान अचानक गिर पड़े। पुलिस उन्हें भी कांशीराम अस्पताल ले गई। डाक्टर ने उनकी टीबिया बोन में फ्रैक्चर बताया है। डिजिटल एक्सरे की सुविधा न होने पर परिजन उन्हें अपने साथ औरैया ले गए। उनके दोस्त रोहित सिंह ने बताया कि अंशुल के पैर में प्लास्टर चढ़ाया गया है।
इसी तरह फर्रुखाबाद के अभिषेक शाक्य, उन्नाव के सूरज कुमार और कल्याणपुर के अभिषेक राजपूत भी दौड़ के दौरान गिर पड़े। कांशीराम अस्पताल के डाक्टर ने बताया कि सभी के पैरों में फ्रैक्चर निकला है। किसी के दाएं तो किसी के बाएं पैर में फ्रैक्चर है। सभी को प्लास्टर चढ़ाया गया था। परिजन उन्हें घर ले जाने की बात कहकर साथ ले गए।
हड्डिया हो रहीं कमजोरः कांशीराम अस्पताल के सीएमएस डा. नवीन चंद्रा ने बताया कि फास्ट फूड खाने से तमाम युवाओं में कैल्शियम की कमी हो रही है। इससे आस्टियोपोरोसिस नामक बीमारी हो रही है जो हड्डियों को कमजोर करती है। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।
चार लड़कियां भी गिरीं, दो का ऑपरेशन हुआः डा. नवीन चंद्रा ने बताया महिला पुलिस भर्ती के दौरान चार युवतियां भी घायल अवस्था में लाई गई थीं। उनके पैर की हड्डी भी टूटी थी। इनमें से दो अभ्यर्थी ऋचा शुक्ला और अर्चना का आपरेशन किया गया , जबकि दो अन्य प्लास्टर चढ़ाने के बाद चली गईं थीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।