तेजस्वी ने दिखाया लूटपाट का VIDEO, नीतीश सरकार को घेर कसा तंज
- बहरहाल आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर सहरसा के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के तिरी स्थित पेट्रोल पंप पर हथियारबंद अपराधियों द्वारा लूटपाट मचाए जाने का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
बिहार के सहरसा जिले में एक पेट्रोल पंप पर बंदूक की नोंक पर हुई लूटपाट का मामला गरमा गया है। अब राज्य के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव इस पूरी घटना का एक वीडियो शेयर कर नीतीश सरकार को घेरा है। राजद नेता तेजस्वी यादव अक्सर कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बिहार सरकार को कटघरे में खड़ा करते रहते हैं। हाल ही में तेजस्वी यादव ने बिहार में लॉ एंड ऑर्डर के मुद्दे पर राजभवन जाकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात भी की थी।
अब तेजस्वी यादव ने सहरसा में पेट्रोल पंप पर हुई सरेआम गुंडई और लूटपाट का वीडियो शेयर किया है। अपने एक्स हैंडल पर यह वीडियो शेयर करते हुए तेजस्वी यादव ने लिखा, ‘सहरसा में हथियारबंद अपराधियों ने पेट्रोल पंप लूटा। कमजोर और बेबस मुख्यमंत्री के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद है। बिहार की बदहाल विधि व्यवस्था के कारण प्रदेश में हत्या, गोलीबारी, बलात्कार, लूट, चोरी, छिनतई, अपहरण व रंगदारी की घटनाएं सामान्य हो गयी है। सरकार में बेचारे मंत्री और मुख्यमंत्री सिर्फ़ मुकदर्शक है। रिटायर्ड अधिकारी और अपराधी एनडीए सरकार चला रहे हैं।’
बहरहाल आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर सहरसा के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के तिरी स्थित पेट्रोल पंप पर हथियारबंद अपराधियों द्वारा लूटपाट मचाए जाने का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। इस वीडियो में नजर आ रहा है कि दो बाइक पर आए चार बदमाशों ने गन के दम पर वहां लूटपाट की और फिर आराम से भाग गए।
वीडियो में नजर है कि इन अपाधियों ने पहले अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल डलवाया था और फिर लूटपाट मचाई थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने अपनी पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है।