जान-माल की रक्षा खुद करें व्यापारी; आरा लूट पर तेजस्वी बोले- भ्रष्ट, अवैध और निकम्मी सरकार से उम्मीद नहीं
- आरा लूटकांड पर तेजस्वी यादव ने कहा कि अब इस सरकार से कोई उम्मीद करना खुद को धोखे में रखने जैसा है। व्यापारियों को अपनी और अपने कारोबार की सुरक्षा खुद से करना चाहिए उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिहार में गुंडे सरकार चला रहे हैं।

Arrah Tanishqu Loot: बिहार के आरा में तनिष्क शो रूम में दस करोड़ के लूट कांड पर सिसायत जोरों पर है। मंगलवार को बिहार विधान परिषद में भी यह मसला उठाया गया जिस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हस्तक्षेप करना पड़ा। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को ट्वीट कर बिहार सरकार और नीतीश कुमार पर हमला किया। तेजस्वी यादव ने कहा कि अब इस सरकार से कोई उम्मीद करना खुद को धोखे में रखने जैसा है। व्यापारियों को अपनी और अपने कारोबार की सुरक्षा खुद से करना चाहिए उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिहार में गुंडे सरकार चला रहे हैं।
सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर तेजस्वी यादव ने लूट का वीडियो भी जारी किया। उन्होंने कहा कि एनडीए के सौजन्य से 𝟐𝟎𝟎𝟓 के बाद मोदी जी के लाड़ले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के 𝟔-𝟕 लाड़ले गुंडों ने मीडिया प्रमाणित, 𝐑𝐒𝐒 सर्टिफ़ाइड राम राज्य में दिन-दहाड़े एक छोटी सी लूट की शौकिया घटना को अंजाम देते हुए पुलिस अधीक्षक के आवास और थाने से चंद कदम की दूरी पर अवस्थित तनिष्क शोरूम से मस्ती के साथ 𝟏𝟕 मिनट में 𝟐𝟓 करोड़ के गहने-जेवरात लूट लिए। प्रतिदिन बिहार में सैंकड़ों राउंड गोलियाँ चलती है। सत्ता संरक्षित औसतन प्रतिमाह सैंकड़ों हत्याएं होती है। लूटपाट, छिनतई, चोरी, अपहरण और बलात्कार का कोई लेखा-जोखा नहीं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अचेत अवस्था में है। प्रशासनिक अराजकता चारों ओर फैल चुकी है। भ्रष्टाचारी और गुंडे सरकार चला रहे है। उन्होंने लोगों से अपील किया कि स्वयं तथा परिजनों का ख़्याल खुद से रखें। व्यापारी वर्ग कृपया अपने जान-माल की स्वयं रक्षा करें। इस भ्रष्ट, अवैध और निकम्मी सरकार से कोई उम्मीद रखना स्वयं को नुकसान एवं धोखे में रखने समान है।
आरा शहर के सबसे व्यस्त शीशमहल-गोपाली चौक इलाके में स्थित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में सोमवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे हथियारबंद अपराधियों ने करोड़ों रुपये के आभूषण और नकदी लूट लिये। सात की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने सेल्समैन से मारपीट की और गार्ड से राइफल लूट ले गये। हालांकि घटना के करीब एक घंटे बाद बड़हरा थाना क्षेत्र के बबुरा छोटा पुल के पास मुठभेड़ में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो झोले में भरे लूटे हुए गहने बरामद किये गये हैं। दोनों के पैर में गोली लगी है।