पीडीएस डीलर पर 38 लाख के राशन कालाबाजारी का आरोप, केस दर्ज
गोरौल के रसूलपुर तुर्की गांव के पीडीएस डीलर शंभू कुमार पर 38 लाख रुपये के राशन की कालाबाजारी का आरोप है। जांच में उपभोक्ताओं को राशन न देने की भी पुष्टि हुई। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी आदित्या भारती ने...

गोरौल, हिन्दुस्तान संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के रसूलपुर तुर्की गांव के जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलर शंभू कुमार पर 38 लाख के राशन को कालाबाजारी कर बेच देने का आरोप लगाया गया है। जांच के बाद प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी आदित्या भारती ने डीलर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें उपभोक्ताओं को राशन नहीं देने का भी आरोप लगाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एमओ ने बताया कि डीलर के खिलाफ की गई शिकायत के बाद जांच की गई। मामला सही पाए जाने के बाद डीलर शंभू कुमार से जवाब तलब किया गया। लेकिन, उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी एसडीओ महुआ किशलय कुशवाहा को दिया। इसमें बताया गया की रसूलपुर तुर्की गांव के पीडीएस डीलर शंभू कुमार ने 1200 क्विंटल चावल और गेहूं का वितरण उपभोक्ताओं के बीच नहीं किया है। साथ ही इसे कालाबाजारी कर बेच दिया। इसकी कीमत करीब 38 लाख रुपये है। इस पर एसडीओ ने उक्त डीलर पर एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया। इसके बाद भगवानपुर थाने में डीलर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इसकी पुष्टि अनुमंडल आपूर्ति पदाधिकारी सह दंडाधिकारी राजीव कुमार ने की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।