पिता को कर्ज से बचाने को बेटी ने किया बड़ा फैसला, बारात लेकर दूल्हे के घर पहुंची दुल्हन
- इंटर पास पल्लवी की शादी पूर्वी चंपारण के ढाका के सुरेश कुमार से तय हुई। पिता लड़का ढूंढ़ने व शादी तय करने में ही कर्ज में डूब गये। आगे के कर्ज से बचाने के लिए बेटी खुद बारात लेकर दूल्हे के घर पहुंच गई।

आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है। ऐसे में हम आपको बिहार की एक ऐसी बेटी की कहानी बता रहे हैं जिसने समाज की परंपरा को तोड़कर नजीर पेश किया है। पिता को कर्ज से बचाने व ससुराल पक्ष को फिजूलखर्ची से बचाने के लिए बगहा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड-31 के लालबाबू राउत और शीला देवी की पुत्री पल्लवी कुमारी बारात लेकर पूर्वी चंपारण के ढाका स्थित ससुराल पहुंच गई। इसके लिए उसने माता-पिता के साथ होनेवाले पति सुरेश कुमार और उनके परिवार के लोगों को मनाया। पल्लवी परिजनों व बारातियों के साथ ढाका के लिए शादी करने रवाना हो गई। पल्लवी के इस साहस और सूझबूझ की ससुराल से लेकर मायके तक लोग प्रशंसा कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, इंटर पास पल्लवी की शादी पूर्वी चंपारण के ढाका के सुरेश कुमार से तय हुई। शुक्रवार को उसकी शादी हुई। उसके पिता लड़का ढूंढ़ने व शादी तय करने में ही कर्ज में डूब गये। अब शादी की तैयारी के लिए भी वे कर्ज का सहारा ले रहे थे। यह सब पल्लवी से देखा नहीं गया। उसने अपने होने वाले पति सुरेश को फोन कर कहा कि मेरे पिता कर्ज लेकर बारातियों के स्वागत से लेकर शादी की अन्य तैयारी कर रहे हैं। पिता को कर्ज में डूबाकर हमलोग सुखी जीवन की नींव कैसे रख सकते हैं? बारातियों को लाने में वाहनों, साज-सज्जा, बैंड आदि में आपलोगों का बड़ा खर्च होगा। मैं अपने परिजनों संग बारातियों को लेकर ढाका चली आती हूं। इससे दोनों तरफ का खर्च बचेगा। पति व ससुराल के लोगों को पल्लवी का यह तर्क पसंद आया।
शिक्षक सुनील कुमार ने बताया कि दुल्हन के घर बारात आने की प्रथा है लेकिन दिखावा से परे हटकर पल्लवी ने ससुराल के साथ मायके को भी बड़े खर्च से बचा लिया। यह उसकी सूझबूझ का परिचय है। पार्षद तबस्सुम जहां ने बताया कि पल्लवी का यह कदम महिलाओं की सबलता को दर्शा रहा है। उसने हौसले का काम किया है। फोन पर सुरेश ने बताया कि होनेवाली जीवनसाथी ने शादी से पूर्व ही हमसबों को जीत लिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।