आईओसीएल रिफाइनरी व तेघड़ा स्थित यमुना भगत स्टेडियम बना आकर्षण का केंद्र
खेलमंत्री और वरीय अधिकारी पहुंचे स्टेडियम का निरीक्षण करने, लिया तैयारी का जायजा जा रहा है दोनों स्टेडियम को फोटो नंबर: 15, यमुना भगत स्टेडियम बरौनी का जायजा लेते खेलमंत्री सुरेंद्र मेहता व अन्य। ...

बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के अंतर्गत बेगूसराय में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय फुटबाल टूर्नामेंट की तैयारी अब अंतिम चरण में है। इसको लेकर लगातार खेलमंत्री सुरेंद्र मेहता और वरीय अधिकारी दोनों स्टेडियम का निरीक्षण कर तैयारी का जायजा ले रहे हैं। खेलमंत्री ने यमुना भगत स्टेडियम तेघड़ा के औचक निरीक्षण के बाद कहा कि यह आयोजन बेगूसराय के लिए ऐतिहासिक बनने जा रहा है। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और दर्शकों का महाकुंभ बेगूसराय में लगने जा रहा है। कहा कि अनुमान के मुताबिक यमुना भगत स्टेडियम बरौनी में 10 हजार और आइओसीएल रिफायनरी स्टेडियम में 5 हजार से अधिक दर्शक इस आयोजन को देखने आएंगे। खेल मंत्री ने कहा कि बेगूसराय में राष्ट्रीय खेल का आयोजन हो रहा है। इससे न सिर्फ खेल को बढ़ावा मिलेगा बल्कि बेगूसराय को एक अलग पहचान मिलेगी। खेल मंत्री ने स्टेडियम में की गई भव्य तैयारी, मैदान की संरचना, स्टेज, दर्शक दीर्घा और खिलाड़ियों की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के तर्ज पर सभी सुविधाओं से आइओसीएल रिफाइनरी स्टेडियम बेगूसराय और यमुना भगत स्टेडियम बरौनी को लैस किया जा रहा है। बिहार में पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन हो रहा है। इसमें नेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन बेगूसराय में हो रहा है। दो वर्गों में 8-8 टीमें बेगूसराय फुटबॉल खेलने आएंगी। पुरुष वर्ग में मेघालय, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, दिल्ली, उड़ीसा और मिजोरम की टीम जबकि महिला वर्ग में मणिपुर, बिहार, झारखंड, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु की टीम बेगूसराय आएंगी। इधर, खेल अधिकारी ऐश्वर्य कश्यप ने बताया कि इस राष्ट्रीय टूर्नामेंट की शानदार तैयारी की जा रही है। टीम के रहने से लेकर खाने तक और खेल के अभ्यास से लेकर प्रतियोगिता तक आने जाने के लिए राष्ट्रीय स्तर की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन की सफलता के लिए डीएम की ओर से 23 कोषांग बनाए गए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।