बेतिया में 3 नाबालिग लड़कियों का अलग-अलग अपहरण, बेटा-बेटी संग महिला गायब; पुलिस में हड़कंप
- बिहार के बेतिया से एक साथ तीन नाबालिग लड़कियों को अगवा कर लिया गया तो एक विवाहिता अपने छोटे छोटे दो बच्चों के साथ लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर छानबीन की जा रही है।

बिहार के बेतिया से एक साथ तीन नाबालिग लड़कियों को अगवा कर लिया गया तो एक विवाहिता अपने छोटे छोटे दो बच्चों के साथ लापता हो गई। विवाहिता के घर से कैश और जेवर भी गायब हैं और फोन स्वीच ऑफ है। सभी मामलों में परिजनों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर छानबीन की जा रही है। मोबाइल नेटवर्क के सहारे लकीर पीट रही पुलिस को किसी को भी बरामद नहीं कर पाई है। परिजन उनका का इंतजार कर रहे हैं।
पहली घटना कालीबाग थाना के एक मोहल्ले की है जहां अपने एक वर्ष के बेटे और छह साल की बेटी को टीका लगवाने के लिए निकली महिला बच्चों समेत लापता हो गयी है। इस मामले में महिला के पति की शिकायत पर अज्ञात अपराधी के विरूद्ध एफआईआर दर्ज की गयी है। कालीबाग थानाध्यक्ष विवेक कुमार बालेन्दू ने बताया कि महिला की उम्र 25 वर्ष है। उसके पति ने एक मोबाइल नंबर के धारक पर संदेह जताया है। महिला बताती थी कि उक्त मोबाइल नंबर उसकी सहेली का है। एफआईआर दर्ज होने के बाद दारोगा सिमरन कुमारी मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने कहा है कि शीघ्र ही महिला व उसके बच्चे को ढूंढ़ लिया जाएगा। एफआईआर में महिला के पति ने बताया है कि 30 जनवरी की सुबह 10 बजे उसकी पत्नी अपने बेटा व बेटी को लेकर घर से निकली। घर पर मौजूद भौजाई को बतायी कि वह बच्चे को टीका दिलवाने जा रही है। परंतु वह वापस नहीं लौटी। उसका मोबाइल फोन भी स्वीच ऑफ बता रहा था। घर में रखे 35 हजार रुपये का आभूषण भी गायब है।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र से परिजनों के सामने नाबालिग का अपहरण
इधर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव से परिजनों के सामने एक नाबालिग लड़की का अपहरण ने कर लिया गया है। इस मामले में लड़की की मां ने मुफस्सिल थाने में अपने गांव की ही रहने वाले रवि कुमार (22) के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करायी है। थानाध्यक्ष अभिराम सिंह ने बताया कि लड़की की मां की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गयी है। अपहरण में प्रयुक्त बाइक का पता लगा लिया गया है। लड़की को खोजने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच दारोगा धीरज कुमार कर रहे है। एफआईआर में लड़की की मां ने बताया है कि वह नगर निगम क्षेत्र की निवासी है। नौ फरवरी की सुबह चार बजे उनके दरवाजे पर बाइक से रवि कुमार आया। उनकी नाबालिग 15 वर्षीय बेटी को बाइक पर बैठा कर ले जाने लगा। बेटी को अपह्रत करते देख मां ने शोर मचाया। परंतु रवि कुमार उसे बाइक पर बैठाकर भगा ले गया।
जगदीशपुर से 14 साल की बच्ची का अपहरण
एक अन्य मामले में जगदीशपुर के एक गांव से 14 वर्ष की बच्ची का अपहरण की घटना सामने आई है। लड़की के पिता की शिकायत पर एक मोबाइल धारक के विरूद्ध एफआईआर दर्ज की गयी है। थानाध्यक्ष नेबताया कि लड़की के पिता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गयी है। जिसमें एक मोबाइल नंबर के धारक को अभियुक्त बनाया गया है। लड़की को खोजने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच दारोगा सुधीर प्रसाद कर रहे है। एफआईआर में लड़की के पिता ने बताया है कि उनकी लड़की संध्या छह बजे शौच करने के लिए घर से बाहर गयी थी। वह देर रात तक वापस नहीं लौटी। उसका मोबाइल फोन भी बंद था। बाद में एक अज्ञात नंबर से लड़की के पिता की मोबाइल पर एक युवक ने फोन किया। उसने बताया कि आपकी लड़की हमारे पास है। पिता ने उसका नाम पूछा तो उसने नाम बताने से इनकार किया। उसके बाद गाली-गलौज व धमकी देने लगा।
सहेली के साथ शौच के लिए निकली नाबालिग अपह्रत
चौथी घटना योगापट्टी के एक गांव में की है जहां सहेली के साथ शौच के लिए सरेह में गयी 16 साल की नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया गया। इस मामले में लड़की के पिता ने एफआईआर दर्ज करायी है। दारोगा अनुज कुमार प्रसाद मामले की जांच कर रहे हैं। एफआईआर में लड़की के पिता ने बताया है कि उनकी बेटी अपनी सहेली के साथ शौच के लिए सरेह में गयी। वहां से उसकी दोस्त ने उसे किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ भगा दिया। लड़की घर नहीं आयी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। वे लोग लड़की के दोस्त के घर गए और जानकारी लेने का प्रयास किया तो लड़की के परिजनों ने उनके साथ गाली-गलौज की और धमकी दी।