दरभंगा में 4 साल की मासूम से दरिंदगी, DMCH में भर्ती; पिटाई के बाद आरोपी गिरफ्तार
- बच्ची शाम में खेल रही थी। इसी क्रम में वह गायब हो गई। इसी बीच खोजबीन के दौरान वह रोती हुई मिली। पूछे जाने पर उसने परिजनों को आपबीती बताई। इस घिनौनी घटना को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपित को पकड़कर पहले जमकर धुनाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

बिहार के दरभंगा में चार वर्षीया मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना केवटी थाना क्षेत्र के एक गांव की है। पीड़ित बच्ची गांव की भांजी है। वह सदर थाने के एक गांव की रहने वाली है। वह अपने मामा के यहां रहती थी। घटना गुरुवार की शाम की बताई गई है। पीड़ित बच्ची को डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस कार्रवाई कर रही है। बच्ची और उसके परिजनों को सुरक्षा दी जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना के संबंध में बताया गया है कि बच्ची शाम में खेल रही थी। इसी क्रम में वह गायब हो गई। इसी बीच खोजबीन के दौरान वह रोती हुई मिली। पूछे जाने पर उसने परिजनों को आपबीती बताई। इस घिनौनी घटना को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपित को पकड़कर पहले जमकर धुनाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपित गांव का साला तथा जाले थाना क्षेत्र के मनमा गांव का सुनील कुमार बताया गया है। वह अपनी बहन से भेंट करने आया था। इसी क्रम में उसने घटना को अंजाम दिया।
ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी जानकारी मिलते ही केवटी थानाध्यक्ष राहुल कुमार दल-बल के साथ गांव पहुंचे और घटनास्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। इसी बीच सिटी एसपी अशोक कुमार तथा एसडीपीओ कमतौल ज्योति कुमारी घटनास्थल पहुंचकर जानकारी लेने में जुट गए। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बच्ची को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया है। पुलिस परिजनों से जानकारी ले रही है ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।