Notification Icon
Hindi Newsमौसम न्यूज़IMD rain alert Rainfall in India August 16 percent more than normal september report

अगस्त में तो खूब बरसे बदरा; 16 प्रतिशत अधिक हुई बारिश, सितंबर को लेकर IMD ने क्या कहा

  • आईएमडी प्रमुख ने कहा कि हिमालय के तराई क्षेत्रों और पूर्वोत्तर के कई जिलों में सामान्य से कम वर्षा हुई, क्योंकि अधिकांश निम्न दबाव प्रणालियां अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर चली गईं।

Niteesh Kumar भाषाSat, 31 Aug 2024 02:22 PM
share Share

भारत में अगस्त में सामान्य से लगभग 16 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई। उत्तर-पश्चिम भारत में 253.9 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो 2001 के बाद से अगस्त में दूसरी सबसे अधिक बारिश है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को यह जानकारी दी। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि देश में अगस्त में 287.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य तौर पर 248.1 मिमी बारिश होती है। कुल मिलाकर, एक जून को मानसून की शुरुआत के बाद से भारत में अब तक 749 मिमी वर्षा हुई है। इस अवधि में सामान्य तौर पर 701 मिमी बारिश होती है।

आईएमडी प्रमुख ने कहा कि हिमालय के तराई क्षेत्रों और पूर्वोत्तर के कई जिलों में सामान्य से कम वर्षा हुई, क्योंकि अधिकांश निम्न दबाव प्रणालियां अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर चली गईं। मॉनसून का प्रवाह भी दक्षिण में बना रहा। उन्होंने कहा कि केरल और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र सहित पूर्वोत्तर के कई राज्यों में कम वर्षा हुई है। IMD चीफ ने कहा कि अगस्त में कम दबाव वाली छह प्रणाली बनी, जिनमें से दो गहरे दबाब में बदल गईं। इस अगस्त में कम दबाव वाली प्रणाली के 17 दिन थे, जबकि सामान्य तौर पर 16.3 दिन होते हैं।

मॉनसून की दिशा सामान्य स्थिति पर बनी रही

10 अगस्त से 22 अगस्त तक मॉनसून की दिशा अपनी सामान्य स्थिति पर बनी रही। इसके चलते उत्तरी और मध्य भारत, पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों और सुदूर दक्षिणी प्रायद्वीप, विशेष रूप से तमिलनाडु में अच्छी बारिश हुई। 23 अगस्त से 31 अगस्त तक यह दिशा बदलकर सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर हो गई, जिसके कारण भारत के मध्य और पश्चिमी भागों में बहुत भारी बारिश हुई। महापात्र ने कहा कि इस वर्ष अगस्त में मॉनसून में रुकावट नहीं देखी गई, जबकि महीने के दौरान वर्षा में रुकावट वाले दिनों की प्रवृत्ति बढ़ रही है।

जानें सितंबर में कैसी रहेगी बारिश

IMD चीफ ने कहा कि मैडेन-जूलियन ऑसिलेशन (MJO) महीने के दूसरे भाग में बहुत सक्रिय था, जिसके कारण भारतीय क्षेत्र में अच्छी वर्षा हुई। एमजेओ बड़े पैमाने पर होने वाला वायुमंडलीय विक्षोभ है जो उष्णकटिबंधीय अफ्रीका में उत्पन्न होता है और पूर्व की ओर बढ़ता है। इसकी अवधि आमतौर पर 30 से 60 दिनों की होती है। मौसम विभाग ने भारत में सितंबर में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत और आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान है। भारत के अधिकांश भागों में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। हालांकि, सुदूर उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ क्षेत्रों, दक्षिणी प्रायद्वीप के कई भागों, उत्तरी बिहार और उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश भागों में सामान्य से कम वर्षा हो सकती है।

अगला लेखऐप पर पढ़ें