काले होने की वजह से बीवी ने छोड़ दिया साथ, होमगार्ड ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
कन्नौज कलक्ट्रेट में तैनात होमगार्ड ने एसपी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।आरोप है कि उसे दिल की बीमारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसका जीवन अधिक दिनों तक नहीं है। इसकी जानकारी पत्नी को होते ही उसने उससे लगाव कम कर दिया है और बिना बताए कई दिनों से गायब हो गई है।

यूपी के कन्नौज से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां कलक्ट्रेट में तैनात होमगार्ड ने पत्नी के उत्पीडऩ से आजिज आकर एसपी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। होमगार्ड ने पत्नी पर आरोप लगाया कि उसको दिल की बीमारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसका जीवन अधिक दिनों तक नहीं है। इसकी जानकारी पत्नी को होते ही उसने उससे लगाव कम कर दिया और वह बिना बताए बच्चों को लेकर कई दिनों तक लापता रहती है। इससे बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है।
गुरसहायगंज कस्बा निवासी दिनेश सिंह होमगार्ड विभाग में कार्यरत है। डीएम कार्यालय परिसर में उसकी तैनाती है। उसका विवाह वर्ष 2000 में हुआ था। उसके दो बेटे व एक बेटी है। बेटी का विवाह हो चुका है। होमगार्ड के मुताबिक शादी के बाद सबकुछ ठीक रहा लेकिन दिल की गंभीर बीमारी की वजह से उसका रंग काला पडऩे लगा। उसका एक ऑपरेशन हो चुका है, जबकि दूसरा होना है। डॉक्टरों के मुताबिक इलाज चल रहा है लेकिन संभावनाएं बचने की काफी कम हैं। रंग काला पडऩे की वजह से पत्नी ने उससे दूरियां बनाना शुरू कर दिया। वह मोबाइल, सोशल मीडिया में व्यस्त रहती है।
आरोप लगाया कि वह अनजान लोगों से बात भी करती है। वह अक्सर घर से कहीं चली जाती है और कई दिनों तक गायब रहती है। वापस आने पर वह कोई सीधा जवाब नहीं देती है। थाने, चौकी में उसके खिलाफ झूठी शिकायत करती है। कहा कि इस विवाद में उसके बच्चों का जीवन बर्बाद हो रहा है। एसपी से न्याय की गुहार लगाई है। एसपी अमित कुमार आनंद ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी।