Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़वाराणसीHeavy Rain Causes Disruption in Varanasi 65 2 mm Recorded Power Outages and Waterlogging

लगातार 14 घंटे हुई बारिश ने कराया ठंड का अहसास

वाराणसी में सोमवार रात से मंगलवार शाम तक 14 घंटे तक बारिश हुई, जिसमें 65.2 मिलीमीटर पानी गिरा। बारिश से तापमान में गिरावट आई और कई क्षेत्रों में जलजमाव हो गया। बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई, जिससे कई...

Newswrap हिन्दुस्तान, वाराणसीTue, 17 Sep 2024 08:48 PM
share Share

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। जिले में सोमवार रात से मंगलवार शाम तक लगातार 14 घंटे तेज और मद्धिम बारिश हुई। बीएचयू के मौसम विभाग कार्यालय अनुसार बीते 24 घंटे में 65.2 मिली पानी गिरा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बुधवार को भी हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। गुरुवार से बादल छंटने के आसार हैं। लगातार बारिश से तापमान गिरावट में आई और लोगों को हल्की ठंड का अहसास हुआ। मंगलवार को दिन का तापमान सामान्य से 5.9 डिग्री कम 27.4 और रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पूर्वोत्तर छत्तीसगढ़ और निकटवर्ती झारखंड पर अवदाब के कारण देर रात दो बजे से शुरू हुई और दूसरे दिन शाम चार बजे तक हुई। सुबह करीब छह बजे 38 कलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी। दिन में 16 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से औसत हवा चल रही थी। इस कारण बीएलडब्लयू परिसर में करीब दस पेड़ की टहनियां टूट गई थीं। हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। बीएचयू के मौसम कार्यालय के अनुसार सुबह 8.30 बजे तक 36.2 एमएम बारिश हुई। वहीं सुबह 8.30 से शाम 5.30 बजे तक 29 एमएम बारिश हुई है। यानी पिछले 24 घंटे में 65.2 एमएम बारिश हुई है।

कई क्षेत्रों में हुआ जलजमाव

बारिश से अंधरा पुल, चौकाघाट पर जलजमाव हो गया। दरगाहे फातमान और महमूरगंज रोड किनारे भी लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। जलजमाव हो गया था। अस्सी, औरंगाबाद, नई सड़क, छोहरा (पीलीकोठी), कटेहर में छह से आठ तक जलभराव रहा। इसके अलावा नरिया, साकेतनगर, पड़ाव, हनुमान फाटक, शिवपुर, छित्तनपुरा, जलालीपुरा, पुरानपुल, दनियालपुर, सरैयां, बड़ाइनारा आदि इलाकों में घंटों जलभराव रहा।

बरसात से धान को मिली संजीवनी

चिरईगांव / पिंडरा। बारिश से धान की फसल को संजीवनी साबित मिल गई है। हालांकि तेज हवा ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हवा के कारण मक्का, ज्वार और बाजरे की फसल खेत में गिर गई। इससे उत्पादन में कमी हो सकती है। उधर सब्जी की फसलें नेनुआ, करैला, लौकी, खीरा, कोहड़ा में फफूंद जनित रोगों का प्रकोप बढ़ेगा। किसान हरिशंकर सिंह ने बताया कि यदि कल तक बारिश हुई तो दलहनी व तिलहनी फसलों को नुकसान होगा। वही रबी के बुवाई के लिए खाली पड़े खेतो के लिए बारिश अमृत समान है।

प्लेटफार्म पर पानी, एटीवीएम खराब

बारिश के दौरान कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर एक से नौ तक शेड जगह-जगह पानी गिरने लगा। इससे यात्रियों को काफी दिक्कत हुई। उधर, पानी चले जाने से स्टेशन की सेकेंड इंट्री पर लगा एटीवीएम खराब हो गया। इससे वरुणा पार की तरफ से आने वाले लोगों को जनरल टिकट लेने में दिक्कत हुई। कई जगह एस्केलेटर के बगल से पानी गिरने पर सुरक्षा के मद्देनजर इन्हें बंद कर दिया गया। सर्कुलेटिंग एरिया में जगह-जगह जलजमाव होने से पैदल चलना भी दूभर हो गया।

लड़खड़ाई बिजली आपूर्ति व्यवस्था

वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता।

तेज हवा और बारिश के कारण मंगलवार को शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में मंगलवार को बिजली आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ा गई। हाइटेंशन तारों पर पेड़ों की टहनियां गिरने और फॉल्ट के चलते 10 से 12 घंटे बिजली गुल रही।

मंडुवाडीह डिवीजन से जुड़े मड़ौली, चुरामनपुर में लगभग सात घंटे बिजली गुल रही। पन्नालाल उपकेंद्र से पत्रकारपुरम कॉलोनी समेत आसपास के क्षेत्र मे बिजली कटी रही। मंडुवाडीह बाजार में दो घंटे, साहूपुरी और जीवनाथपुर की मेन लाइन ब्रेकडाउन होने पर लगभग तीन घंटे तक रामनगर में बिजली कटी रही। ककरमत्ता में सुबह सात से लेकर 11 बजे आपूर्ति बाधित रही। नरिया से जुड़े विश्वकर्मा नगर में रातभर बिजली नहीं रही। दूसरे दिन दोपहर तक बिजली नहीं आई थी। वरुणापार में पांडेयपुर, भोजूबीर और बसही समेत कई क्षेत्रों में आपूर्ति प्रभावित रही।

करसड़ा और वेटावर उपकेंद्र से ठप रही बिजली

करसड़ा और बेटावर उपकेंद्र सुबह लगभग 6 बजे से आपूर्ति बाधित रही। इसके चलते करसड़ा कूड़ा डंपिंग प्लांट, सब्जी अनुसंधान, शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर, रमन, छितौनी कैनाल, सनबीम सनसिटी फीडर बंद से सप्लाई बंद हो गई थी। इसके अलावा लगभग 6 हजार उपभोक्ता परेशान रहें। सुबह लगभग 9 बजे परमहंस नगर कॉलोनी पहाड़ी के पास 33 केवीए का तार टूट गया था जिस कारण सप्लाई बंद हो गई थी। जेई उमेश चौरसिया ने बताया कि दोपहर दो बजे सप्लाई नॉर्मल हो गई थी। वहीं, हरहुआ उपकेंद्र से मंगलवार भोर 5 बजे से आपूर्ति व्यवस्था चौपट रही।

सेवापुरी विद्युत उपकेंद्र से 12 घंटे से आपूर्ति ठप।

सेवापुरी। सेवापुरी उपकेंद्र के कपसेठी, सकलपुर, कालिका धाम, रामेश्वर, जलनिगम फीडर से जुड़े चार दर्जन गांवों में 12 घंटे से आपूर्ति बाधित रही। इसे पानी का संकट हो गया था। शाम पांच बजे सप्लाई चालू नहीं हुई थी। अवर अभियंता राम बाबू ने बताया कि सुमेरापुर में बिजली का खंभा गिरने से बिजली बाधित हुई थी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें