UP Weather: बढ़ती गर्मी के बीच होली पर बदेलगा मौसम, 11-12 को तेज हवाएं; 14 को बारिश के आसार
- नौ मार्च यानी आज एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। अगले 4 दिन अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि हो सकती है।

UP Weather: उत्तर प्रदेश में गर्मी तेजी से बढ़ रही है। इस बीच मौसम विज्ञानियों ने होली पर एक बार फिर मौसम बदलने का अनुमान जताया है। होली यानी 14 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि कोई चेतावनी नहीं जारी गई है। आज, कल, परसों और उसके आगे भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 11 और 12 मार्च को
पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश संभाग में तेज सतही हवाएं 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार नौ मार्च यानी आज एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि हो सकती है। 14 मार्च को पश्चिमी संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
रंग खेलने के समय रहेगी खूब गर्मी
होली में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में खूब गर्मी रहेगी। इससे लोग खूब रंग खेल सकेंगे। इस दौरान सर्दी का अहसास नहीं होगा। रविवार को आने वाले विक्षोभ का असर दिल्ली और आसपास तक सीमित रहेगा। होली के दौरान कानपुर में रात का पारा 14-15 डिग्री और दिन का तापमान 32 डिग्री रह सकता है। शनिवार को सीजन (मार्च) में पहली बार दिन का पारा 30 पार कर गया।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर हल्का असर पड़ेगा। बर्फबारी और बारिश होगी। साथ ही पंजाब और दिल्ली में भी तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की बारिश के आसार भी हो सकते हैं। पर इसका हल्का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संभावित है लेकिन प्रदेश के अन्य हिस्सों में नहीं पड़ेगा।
अब लगातार चढ़ने लगेगा पारा
पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देते ही दिन-रात का पारा चढ़ने लगेगा। विशेष रूप से 11 से 14 मार्च तक दिन का पारा तेजी से चढ़ेगा। रात के तापमान में भी वृद्धि होगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिन का पारा 32 डिग्री या अधिक तक पहुंच सकता है। हवा की रफ्तार अधिक हो सकती है लेकिन सर्द नहीं होगी। रात के तापमान में बादलों के कारण तापमान बढ़ सकता है। न्यूनतम पारा 14 से 15 डिग्री या अधिक हो सकता है।
अभी से दिखने लगे सूरज के तेवर
सूरज के तेवर अभी से दिखने लगे हैं। शनिवार को कानपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री चला गया जो सामान्य से 05.7 डिग्री अधिक है। लगातार चौथे दिन अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है। 05 मार्च को 24.4, 06 मार्च कको 26.8, 07 मार्च को 29.4 और 08 मार्च को 30.2 डिग्री तापमान रहा।
अब रात में भी बढ़ेगी गर्मी
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है, होली के दौरान कानपुर मंडल और आसपास खूब गर्मी रहेगी। इससे रंग खेलना आसान रहेगा। वैसे पूरे प्रदेश में ही तापमान चढ़ेंगे। दिन ही नहीं रात में भी गर्मी बढ़ेगी। होली के बाद तेज हवाएं चलें जो सर्द होंगी।
विक्षोभ की तीव्रता तय करेगी भविष्य
जो पश्चिमी विक्षोभ रविवार को आ रहा है वह निचले स्तर से उठा है। इसरे मैदान में प्रभाव को नकारा नहीं जा सकता। पर फिलहाल 11 से 13 तक तेज हवाएं चल सकती हैं। 14 को बदली अधिक हो सकती है व तापमान भी चढ़ सकते हैं। विक्षोभ का परिणाम क्या निकलेगा, इसका अध्ययन विशेषज्ञ करने में लगे हैं।
पूरे प्रदेश में 12 से 14 मार्च तक दिन का पारा रहेगा अधिक
- 14 तक रात का तापमान भी अधिक रहेगा फिर गिरेगा
- आज के पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव पंजाब व दिल्ली तक
-14 को दिन का पारा 31 के आसपास रहने की संभावना