महाकुंभ के श्रद्धालुओं के लिए प्रयागराज से गया, दादरी और झांसी तक स्पेशल ट्रेनें, ये रहेगा शेड्यूल
- भारतीय रेलवे महाकुम्भ में संगम स्नान के लिए आए श्रद्धालुओं के लिए प्रयागराज जंक्शन से पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, कानपुर और मानिकपुर स्टेशनों की दिशा के लिए नॉन पीक दिनों पर स्पेशल गाड़ियों का संचालन करेगा।

भारतीय रेलवे महाकुम्भ में संगम स्नान के लिए आए श्रद्धालुओं के लिए प्रयागराज जंक्शन से पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, कानपुर और मानिकपुर स्टेशनों की दिशा के लिए नॉन पीक दिनों पर स्पेशल गाड़ियों का संचालन करेगा। पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन की दिशा में प्रयागराज जंक्शन से गया के लिए सुबह 11 बजे, पटना जंक्शन के लिए दोपहर 2 बजे, प्रयागराज जंक्शन से पंडित दीन दयाल उपाध्याय के लिए 7:30 बजे ट्रेन संचालित की जाएगी।
इसी तरह कानपुर की दिशा में जंक्शन से दादरी के लिए दोपहर 3 बजे और दादरी के लिए शाम 6:30 बजे और कानपुर सेंट्रल के लिए शाम 5 बजे स्पेशल ट्रेन संचालित होगी। मानिकपुर की दिशा में प्रयागराज जंक्शन से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के लिए 1:30 बजे, सतना के लिए शाम 5 बजे संचालन किया जायेगा। जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह के अनुसार इन गाड़ियों की सुविधा मुख्य स्नान दिवसों के एक दिन पूर्व से दो दिन बाद तक उपलब्ध नहीं रहेगी।
आगरा से चलेगी मेला स्पेशल
महाकुम्भ आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे कुम्भ मेला विशेष ट्रेन चलाएगा। संचालन प्रयागराज जंक्शन होकर होगा। रेलवे ने समय सारिणी जारी कर दी है। ट्रेन नंबर 01903-01904 आगरा कैंट-कोलकाता कुम्भ मेला विशेष ट्रेन आगरा से 17, 20 व 24 फरवरी को संचालित की जाएगी। कोलकाता से यह ट्रेन 19, 22 और 26 फरवरी को चलाई जाएगी। आगरा कैंट से यह ट्रेन रात 8 बजे चलकर दूसरे दिन सुबह 4:10 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी। जंक्शन से प्रस्थान का समय 4:15 बजे होगा।
574 ट्रेनों से 25.63 लाख ने की यात्रा
माघी पूर्णिमा स्नान पर्व पर 42 घंटे में 574 ट्रेनों से 25.63 लाख लोगों ने स्पेशल ट्रेनों से यात्रा की। इनमें 12 फरवरी रात 12 बजे तक 353 ट्रेनें चलाई गई, जिसमें 17.25 लाख लोग गए। बुधवार रात 12 बजे से गुरुवार शाम छह बजे तक 221 विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया। इन ट्रेनों से 8.42 लाख लोग अपने अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। रात 12 बजे से सुबह छह बजे तक 58 विशेष ट्रेनें चलाई गई। रात 12 बजे से सुबह छह बजे तक 2.08 लाख लोग इन ट्रेनों से गए। गुरुवार को प्रयागराज के अलग-अलग स्टेशनों से 82 विशेष गाड़ियों के संचालन में प्रयागराज जंक्शन से 50 और प्रयागराज छिवकी से तीन ट्रेनें चलाई गई।