Sultanpur Municipality Expands Boundaries to Enhance Urban Facilities and Revenue सुलतानपुर-अब बढ़ेगा शहर, होगा लोगों का विकास, Sultanpur Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsSultanpur NewsSultanpur Municipality Expands Boundaries to Enhance Urban Facilities and Revenue

सुलतानपुर-अब बढ़ेगा शहर, होगा लोगों का विकास

Sultanpur News - सुलतानपुर नगर पालिका का दायरा बढ़ाने का कार्य शुरू हो गया है। नए सीमा विस्तार के तहत 25 वार्डों से बढ़कर 35 वार्ड हो जाएंगे। इससे आसपास के गांवों को शहरी सुविधाएं मिलेंगी और नगर पालिका का राजस्व भी...

Newswrap हिन्दुस्तान, सुल्तानपुरSun, 18 May 2025 12:02 AM
share Share
Follow Us on
सुलतानपुर-अब बढ़ेगा शहर, होगा लोगों का विकास

सुलतानपुर। शहरवासियों के लिए अच्छी खबर है, अब नगर पालिका के सीमा का विस्तार होगा, नगर पालिका प्रशासन ने दायरा बढ़ाने की कवायद शुरू कर उसे संस्तुति के लिए शासन को भेज चुकी है। शासन से हरी झंडी मिलते ही क्षेत्रों के अधिग्रहण का कार्य शुरू होगा। इस तरह से 25 वार्डों वाली यह नगर पालिका 35 वार्ड की हो जाएगी। साथ ही द्वितीय श्रेणी से यह प्रथम श्रेणी के शहर में तब्दील हो जाएगा। सीमा विस्तार होने पर आसपास के गांवों को शहरी सुविधा मुहैया होगी, साथ ही नगर पालिका का राजस्व भी बढ़ेगा। योजना के अनुसार इस सीमा विस्तार में आसपास के करीब डेढ़ दर्जन से अधिक गांवों को शामिल किया जाना है।

नगर पालिका प्रशासन की तरफ से शहर का दायरा बढ़ाने की योजना है। इस कार्य को फलीभूत करने के लिए योजना को बनाकर पत्रावली संस्तुति के लिए शासन को भेजी जा चुकी है। इस योजना के अनुसार सीमा विस्तार के लिए शहर के आसपास के डेढ़ दर्जन से अधिक गांवों का अधिग्रहण किया जाएगा। अभी तक जो शहर का दायरा चौक से चारों तरफ करीब 16 वर्ग किमी में है, लेकिन सीमा विस्तार के बाद पालिका क्षेत्र का यह दायरा 25 वर्ग किमी में हो जाएगा। योजना के अनुसार इसमें पड़ोस के लोलेपुर, नकराही, बघराजपुर, विनोवापुरी, टाटियानगर, टेंढुई, मोलनापुर, पांचोपीरन, सुलतानपुर पांचोपीरन कस्बा, वलीपुर, चुनहा, गोराबारिक, तमेड़ी, दूबेपुर, घासीपुर, तुराबखानी, अहिमाने, लोहरामऊ आदि गांवों को शामिल किया है। इन ग्राम पंचायतों को सीमा विस्तार में शामिल किए जाने के बाद पालिका की आबादी करीब दो लाख के करीब होगी। इनसेट: 157 साल पुरानी है नगर पालिका सुलतानपुर। नगर पालिका का गठन मुंसिपल कमेटी के नाम से 30 जून वर्ष 1868 में गठित हुआ। विक्टोरिया मंजिल में कार्यालय था, वर्ष 1945 में द्वितीय श्रेणी के रुप में नगर पालिका के अस्तिस्त्व में आने के बाद पहली बार अधिवक्ता करुणा शंकर इसके अध्यक्ष बने। 15 से 20 हजार की आबादी में निकाय सुविधाएं मुहैया कराने के लिए 15 वार्ड बनाए गए थे। 16 जनवरी वर्ष 1984 में पहली बार नगर की सीमा का विस्तार कर उसे 18 वार्ड बनाए गए। तब शहर में गोलाघाट से लेकर नरायनपुर, पयागीपुर तक, घासीगंज व आंशिक गोराबारिक गांवों को शामिल किया गया था। वर्ष 1995 में परिसीमन कर 25 वार्ड बनाए गए। उस समय यहां 18 हजार मकानों में 93033 लोगों की आबादी थी। तीन दशक का समय बीतने के बाद भी किसी पालिकाध्यक्ष ने नगर पालिका की सीमा और राजस्व बढ़ाने के बारे में नहीं सोचा। वर्तमान समय में शहर के अंदर कुल 22586 मकानों में 1,56,000 आबादी है। ईओ लालचंद्र सरोज ने बताया कि नगर का विकास करने के लिए यह प्रस्ताव तैयार किया गया है। कोट नगर पालिका क्षेत्र का दायरा बढ़ाने के साथ विकास को गति देने के लिए यह योजना तैयार की गई है। इससे पालिका का राजस्व बढ़ेगा, साथ ही नागरिक सुविधाओं को गति मिलेगी। योजना का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।- प्रवीन कुमार अग्रवाल, चेयरमैन, नगर पालिका परिषद सुलतानपुर।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।