Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़Banke Bihari s charan darshan Advisory issued for this event is organized once a year on this day

बांके बिहारी के चरण दर्शन के लिए एडवाइजरी जारी, साल में एक बार इस दिन होता है आयोजन

वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में बार-बार भीड़ के कारण होने वाले हादसों को लेकर इस बार पहले ही एडवाइजरी जारी कर दी गई है। यह एडवाइजरी अक्षय तृतिया को होने वाले चरण दर्शन के लिए जारी की गई है।

Yogesh Yadav हिन्दुस्तान, वृंदावनWed, 8 May 2024 05:21 PM
share Share

वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर प्रबंधन ने अक्षय तृतीया पर होने वाले चरण दर्शन को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। मंदिर प्रशासन ने पूरी तरह स्वस्थ भक्तों से ही इस दिन आने की अपील की है। श्रद्धालुओं से भीड़ और रास्तों का आकलन करने के बाद मंदिर आने को कहा गया है। शुक्रवार को अक्षय तृतीया पर्व के उपलक्ष्य में ठाकुर बांकेबिहारी महाराज मंदिर में चरण दर्शन करने के लिये भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसके मद्देनजर मंदिर प्रशासन ने बुधवार को एडवाइजरी जारी की। 

प्रबंधक मुनीश शर्मा की ओर से जारी एडवाइजरी में भीड़ के समय बुजुर्गों, दिव्यांगों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों से मंदिर न आने की अपील की है। इसके अलावा आभूषण, पर्स, मोबाइल आदि कीमती सामान साथ न लाने, पब्लिक एड्रेस सिस्टम से की जाने वाली सूचनाओं पर ध्यान देने के साथ उसका पालन करने, प्रवेश मार्गों से ही मंदिर आने, मंदिर और उसके आसपास अनावश्यक खड़े होने, सेल्फी न खींचने का आह्वान किया है। बच्चों और बुजुर्गों की जेब में मोबाइल नम्बर लिखी पर्ची रखने की सलाह दी है।

ठाकुर सनेह बिहारी के होंगे सर्वांग दर्शन
अक्षय तृतीया पर ठाकुर श्रीराधा सनेह बिहारी महाराज का प्रकटोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। चरण दर्शन के साथ ठाकुरजी का अभिषेक किया जाएगा। उनके श्रीचरणों में चंदन, केसर, कपूर युक्त लड्डू रखे जाएंगे। मंदिर सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 10 मई की सुबह ठाकुर श्रीराधा सनेह बिहारी महाराज का पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा।

इसके बाद साल में एक बार अक्षय तृतीया पर होने वाले ठाकुरजी के चरणों के दर्शन होंगे, जिसमें संध्या कालीन दर्शन में ठाकुरजी के सर्वांग दर्शन होंगे। इस उपलक्ष्य ने ठाकुरजी के श्रीचरणों में चंदन, केसर, कपूर युक्त लड्डू रखे जाएंगे तथा मंदिर को भव्य रूप से सजाया जाएगा। 

दिल्ली और कोलकाता से मंगाए अंग्रेजी फूल और रायबेल की लड़ियों से ठाकुरजी की फूल बैठक सजाई जाएगी। बांकेबिहारी के चरणों में अर्पित होने वाला ये चंदन विशेष रूप से मैसूर से मंगाया गया है। इसमें एक किलो केसर, गुलाब जल, भीमसेनी कपूर भी मिश्रित किया जाएगा। इससे करीब 2 कुंटल चंदन प्रभु को अर्पित किया जाएगा। इसकी घिसाई पिछले एक सप्ताह से ज्यादा समय से चल रही है।

मंदिर के मीडिया प्रभारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि इस उपलक्ष्य में परशुराम जयंती पर भगवान परशुराम का पूजन-अर्चन कर ब्राह्मण एवं संतों की उपस्थिति में ट्रस्ट के अध्यक्ष आचार्य करन कृष्ण गोस्वामी द्वारा दीन दुखियों के लिये ठंडे पानी का जार प्रदान किया जाएगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें