कच्चे मकान का खपरैल हटाकर चोरों ने तीन लाख का माल उड़ाया
Mirzapur News - राजगढ़, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के खोराडीह गांव में गुरुवार की रात कच्चे
राजगढ़, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के खोराडीह गांव में गुरुवार की रात कच्चे मकान का खपरैल हटाकर घर में घुसे चोरों ने नगदी समेत तीन लाख रुपए का माल पार कर दिया। सुबह मकान मालिक को घटना की जानकारी हुई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। खोराडीह गांव के पथरहिया पुरवा निवासी लालता के घर के सभी सदस्य बारात में शामिल होने अपने रिश्तेदार के घर गए थे। लालता घर पर अकेले थे। गुरुवार की रात भोजन करने के बाद बाहर दरवाजे पर सोए हुए थे। देर रात घर को खाली व सुनसान देख चोर कच्चे मकान पर चढ़कर खपरैल हटाकर अंदर घुस गए और कमरे का ताला तोड़कर नगदी व आभूषण पार कर दिया।
सुबह जब लालता घर के अंदर गए तो आंगन में सारा सामान बिखरा था। अंदर कमरे से नगदी व आभूषण गायब थे। घटना की जानकारी होते ही आस-पास के लोग व परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंच गए। पीड़ित ने राजगढ़ थाने पर नामजद तहरीर देकर बताया कि घर में घुसे चोर 57000 हजार रुपये नगद तथा दो लाख साठ हजार रुपये के जेवर और बर्तन चुरा ले गए है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया और वापस लौट गई। ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार की रात इसी ग्राम पंचायत के चंदनपुर पुरवा निवासी सुभाष कोल के घर में भी घुसे चोर एक मोबाइल व लगभग 20 हजार के बर्तन चुरा ले गए थे। क्षेत्र में आए दिन चोरी की घटना से ग्रामीणों में भय व्याप्त हो गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष महेंद्र पटेल ने बताया कि खोराडीह गांव में चोरी होने की तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।