Permanent Bridge Over Gandak River Approved for Construction in Khadda Sand Area इसी वित्तीय वर्ष में गंडक नदी पर पक्का पुल को मिल जाएगी सौगात, खर्च होंगे छह अरब, Kushinagar Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsKushinagar NewsPermanent Bridge Over Gandak River Approved for Construction in Khadda Sand Area

इसी वित्तीय वर्ष में गंडक नदी पर पक्का पुल को मिल जाएगी सौगात, खर्च होंगे छह अरब

Kushinagar News - पडरौना, निज संवाददाता। खड्डा रेताक्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है। बड़ी गंडक नदी पर पक्का पुल बनाए जाने की वर्षों पुरानी मांग सब कुछ ठीक रहा त

Newswrap हिन्दुस्तान, कुशीनगरWed, 16 April 2025 05:23 AM
share Share
Follow Us on
इसी वित्तीय वर्ष में गंडक नदी पर पक्का पुल को मिल जाएगी सौगात, खर्च होंगे छह अरब

पडरौना, निज संवाददाता।

खड्डा रेताक्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है। बड़ी गंडक नदी पर पक्का पुल बनाए जाने की वर्षों पुरानी मांग सब कुछ ठीक रहा तो इसी वित्तीय वर्ष में पूरी हो जाएगी। सेतु निगम की तैयार होने वाली कार्ययोजना में गंडक पर पक्का पुल को शामिल किया जाएगा। कार्ययोजना में शामिल होने के बाद शासन से निर्माण की मंजूरी भी मिल जाएगी। इस परियोजना पर छह अरब रुपये खर्च किए जाएंगे। पुल बनने से महराजगंज जिले की तीन ग्राम सभाओं के अलावा कुशीनगर के 12 से अधिक गांवों समेत 50 हजार से अधिक की आबादी को इसका लाभ मिलेगा।

नौ अप्रैल को आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान ने ‘बोले कुशीनगर मुहिम में ‘पक्के पुल का इंतजार, जोखिम उठा करते हैं नदी पार के शीर्षक से प्रमुखता के साथ खबर को प्रकाशित किया था। इस खबर के प्रकाशित होने के बाद खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय ने इसका संज्ञान लिया और शासन स्तर पर बातचीत कर पुल निर्माण की मांग को पूरा किए जाने की बात कही। ‘हिन्दुस्तान से बातचीत करते हुए विधायक विवेकानंद पांडेय ने बताया कि पक्का पुल निर्माण किए जाने को लेकर वह सदन में भी अपनी बात रख चुके हैं। लोकप्रिय समाचार पत्र ‘हिन्दुस्तान ने इसे प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया। खबर का संज्ञान लेते हुए मेरे द्वारा शासन स्तर पर बातचीत की गई। मेरे बातचीत के बाद प्रमुख सचिव ने बड़ी गंडक नदी पर पक्का पुल निर्माण के लिए सेतु निगम की कार्ययोजना में शामिल किए जाने का निर्देश दिया है। यह छह अरब की परियोजना है। पक्का पुल की मांग रेताक्षेत्र के लोग लंबे समय से कर रहे थे। मेरे द्वारा भी समय-समय पर सदन में इस मांग को उठाया जा चुका है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी यहां पर पक्का पुल की जरूरत महसूस की थी और उन्होंने घोषणा भी किया था। वर्षों से उठ रही यह मांग अब जल्द ही पूरी होने वाली है। कार्ययोजना में शामिल किए जाने के बाद जब फाइल शासन तक पहुंचेगी तो वहां से उसे तत्काल मंजूरी भी मिल जाएगी। उम्मीद है कि इसी वित्तीय वर्ष में पक्का पुल निर्माण के लिए काम भी शुरू हो जाएगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।