ससुराल में जहर खाने वाले पति पर पत्नी ने दर्ज कराया केस
Gorakhpur News - गुलरिहा थाना क्षेत्र में एक पति ने ससुरालियों को फंसाने के लिए जहर खा लिया। उसकी पत्नी ने पुलिस में शिकायत की थी कि पति ने उसे प्रताड़ित किया। इसके बाद पति की हालत गंभीर हो गई और उसे मेडिकल कॉलेज में...

भटहट, हिन्दुस्तान संवाद। गुलरिहा थाना क्षेत्र में ससुरालियों को फंसाने के लिए ससुराल में आकर पति ने जहर खा लिया था। उसकी हालत गम्भीर होने पर ससुरालियों ने उसका मेडिकल कॉलेज में इलाज कराया। उधर, उसकी पत्नी ने सीओ को प्रार्थना पत्र देकर घटना से अवगत कराते हुए न्याय की गुहार लगायी थी। सीओ के निर्देश पर गुलरिहा पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ सम्बन्धित धाराओं में केस दर्ज करते हुए मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। क्षेत्र के ग्राम मीरापुर निवासी मिश्रीलाल की पुत्री संध्या गुप्ता ने सीओ गोरखनाथ को दिए तहरीर में बताया कि उसकी शादी नवम्बर 2023 में खोराबार थाना क्षेत्र के केवटलिया टोला रेहार निवासी आकाश गुप्ता के साथ हुई है।
शादी के बाद ससुरालवाले कम दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि 24 अप्रैल को पति ने उसे बुरी तरह से मारापीटा। जिसपर पीड़िता ने आरोपितों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में खोराबार थाने में केस दर्ज करा दिया। पीड़िता का आरोप है कि 29 अप्रैल को दोपहर दो बजे आकाश गुप्ता नशे की हालत में मायके मीरापुर पहुंच कर मुकदमे में सुलह करने का दबाव बनाने लगा। पीड़िता के अनुसार वह ससुराल में इज्जत के साथ रखने की शर्त पर मुकदमे में सुलह करने की बात कही। इस बात पर आरोपित नाराज होकर चला गया। आधे घण्टे बाद आकाश लौट कर उसके मायके आया और बताया कि उसने जहर खा लिया है। यहीं मरकर सभी को फंसाने की बात करने लगा। इसके बाद आरोपित की हालत बिगड़ने लगी। पीड़िता मायके वालों के साथ उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराकर उपचार कराया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।