जिलाधिकारी में लद्दाख के धनुर्धरों को सौंपे सात आधुनिक धनुष
Deoria News - जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने लद्दाख के तीरंदाजों को संजीव सिंह तीरंदाजी संस्थान के सहयोग से 2.5 लाख रुपये मूल्य के सात आधुनिक धनुष प्रदान किए। सभी तीरंदाज रुद्रपुर में प्रशिक्षण ले रहे हैं और उन्हें...

देवरिया, हिंदुस्तान टीम। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने शुक्रवार को लद्दाख के धुर्नधरों को संजीव सिंह तीरंदाजी संस्थान के सहयोग से लद्दाख के तीरंदाजों को 2.5 लाख रुपये मूल्य के सात आधुनिक धनुष प्रदान किए। डीएम ने धनुर्धरों से तीरंदाजी खेल की बारीकियों के बारे में बातचीत किया। साथ ही कठिन अभ्यास से ओलंपिक मेडलिस्ट बनने की शुभकामनाएं दीं। सभी धनुर्धर रुद्रपुर के कन्हौली में ओलंपियन संजीव सिंह की देखरेख में धनुर्विद्या के खेल का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने कहाकि जिले में लद्दाख के खिलाड़ियों का स्वागत है। हमें विश्वास है कि खिलाड़ी आधुनिक धनुष के साथ अपने प्रशिक्षण को और बेहतर बनाएंगे। लद्दाख के तीरंदाजों का यह दल संजीव सिंह तीरंदाजी संस्थान में विगत एक महीने से प्रशिक्षण ले रहा है। शुरुआत में हल्के वजन के धनुष के साथ अभ्यास कराया गया। साथ ही पांच किमी दौड़, ओपन जिम और रबर व मिरर ट्रेनिंग के माध्यम से उनकी फिटनेस और तकनीक को निखारा गया। लद्दाख के दल में एक प्रशिक्षक रिंगचेन वांगेल, छ: खिलाड़ी स्टैनजिन चोल्डन, सोनम दोर्जे, थिनल्स डिस्कयोंग, त्सेवांग चोस्पेल, स्टैनजिन ओट्सल और स्टैनजिन कुन्सल शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन जेआर चौधरी, क्रीड़ाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, ओलंपियन अर्जुन व द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता संजीव सिंह आदि उपस्थित रहे।
इनके सहयोग से मिल पाया धनुष
संजीव सिंह तीरंदाजी संस्थान ने आईएएस अजीत साहू, लद्दाख के भाजपा कोषाध्यक्ष टोनीट ताशी, एलएएचडीसी लेह लद्दाख के खालत्सी निर्वाचन क्षेत्र के पार्षद लोबजंग शेरब आदि प्रायोजकों के माध्यम से लद्दाख के तीरंदाजों को 2.5 लाख मूल्य के पांच रिकर्व शुरुआती धनुष और दो कंपाउंड धनुष प्रदान किए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।