Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़बाराबंकीUnregulated E-Rickshaws Endanger Lives on National Highways in Barabanki

हादसे का है इंतजार, नेशनल हाईवे पर दौड़ रहे ई रिक्शा

बाराबंकी में नेशनल हाईवे पर ई रिक्शा तेज़ रफ्तार वाहनों के बीच सवारियों को ढो रहे हैं। प्रतिबंध के बावजूद, पुलिस और परिवहन विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। ई रिक्शा चालकों के पास न तो लाइसेंस है और...

Newswrap हिन्दुस्तान, बाराबंकीThu, 19 Sep 2024 05:28 PM
share Share

बाराबंकी। नेशनल हाईवे से दौड़ते तेज रफ्तार भारी व हल्के वाहनों के बीच ई रिक्शा बेधड़क होकर सवारियों को भरकर ढो रहे हैं। यह हाल किसी साधारण मार्ग का नहीं बल्कि जिले से गुजरने वाले तीन प्रमुख नेशनल हाईवे का है। प्रतिबंध के बावजूद हाईवे पर ई रिक्शा का संचालन न रुकने से हादसे की आशंका बनी हुई है। इसके बावजूद पुलिस हो या संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारी, इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। ऐसे में बेलगाम चालक ई रिक्शा पर पांच से सात सवारी भरकर बेधड़क होकर फर्राटा भर रहे हैं। लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर बेधड़क चलते ई रिक्शा : लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर रोजाना 20-25 हजार छोटे व भारी वाहन फर्राटा भरते हैं। इस अतिव्यस्त नेशनल हाईवे पर भी ई रिक्शे का संचालन नहीं रुक पा रहा है। आलम यह है कि सफेदाबाद के आसपास ही नहीं अब तो बाराबंकी के पटेल तिराहे से करीब एक दर्जन ई रिक्शा लखनऊ तक की सवारी भरकर फर्राटा भरते हैं। सफदरगंज संवाद के अनुसार लखनऊ अयोध्या हाईवे स्थित सफदरगंज चौराहे पर दर्जनों की संख्या में ई रिक्शा बैखौफ होकर नेशल हाईवे पर चलते हैं। इसमें तमाम ई रिक्शे पर सवारी ही नहीं स्कूली बच्चे भी सफर तय करते हैं। मजेदार पहलू यह है कि इन ई रिक्शा के चालकों में अधिकांश के पास न तो लाइसेंस है न ही रजिस्ट्रेशन। पुलिस रोजाना हाईवे पर चेकिंग अभियान लगाकर दर्जनों बाईक सवार व बिना सीट बेल्ट के वाहनों का चालान करती रहती है। लेकिन पुलिस हाईवे पर चलने वाले ई रिक्शा पर कोई कार्रवाई नहीं करती है। उल्लेखनीय है कि सफदरगंज क्षेत्र में ही नेशनल हाईवे पर ई रिक्शा और परिवहन विभाग की बस से टक्कर हुई थी। जिसमें ई रिक्शा पर सवार पांच लोगों की मौत हुई थी। इस घटना से भी पुलिस प्रशासन ने सबक नहीं लिया है। रामसनेहीघाट संवाद के अनुसार नेशनल हाईवे पर ई रिक्शा विभिन्न रूटों पर सवारी भरकर बेधड़क होकर चलते हैं। क्षेत्र में कई ब्लैक स्पाट हैं मगर इसके बावजूद ई रिक्शा के संचालन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।

रामनगर संवाद के अनुसार बाराबंकी-बहराइच नेशनल हाईवे पर बेधड़क ई रिक्शा दौड़ रहे हैं। चौराहे पर ही ई रिक्शा बेतरतीब खड़े होकर सवारियों को भरते हैं जिससे अक्सर जाम लगा रहता है। कुछ दिनों पहले यहां पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती थी तो ई रिक्शा पर अंकुश था। मगर ट्रैफिक पुलिस के हटने के बाद पुन: ई रिक्शा नेशनल हाईवे के विभिन्न गांव व कस्बों तक की सवारियों को बैठाकर बेधड़क चलते हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें