शहर की अन्नपूर्णा मोतीगंज का स्वर्ण शताब्दी समारोह 28 को
Agra News - आगरा में श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति का स्वर्ण जयंती समारोह 28 दिसंबर को होगा। इस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समाजसेवा में उत्कृष्टता के लिए भामा शाह सम्मान दिया जाएगा। कार्यक्रम की...

आगरा। श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति का स्वर्ण जयंती समारोह 28 दिसंबर को होगा। इस उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। शहर में समाजसेवा के मापदंड बनाने वालों को भामा शाह सम्मान दिया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीहरि के चरणों में पूजन कर सुंदरकाण्ड के पाठ से किया जाएगा। यह जानकारी मंगलवार को बाजार कमेटी के कार्यालय में दी गई। इस दौरान आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। अध्यक्ष महावीर प्रसाद मंगल और महामंत्री शैलेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि बाजार परिसर में सुबह 10.30 बजे सुंदरकाण्ड के पाठ के साथ भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे से 100वां स्वर्ण शताब्दी महोत्सव का आयोजन होगा।
समिति के चार वरिष्ठजनों को स्मृति चिन्ह और शॉल पहनाकर भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ स्वास्थ्य के क्षेत्र में सेवाएं दे रही संस्थाओं में टूंडला रोड स्थित कैंसर हॉस्पिटल और अन्य संस्थाओं के स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। आगरा में व्यापार को प्रोत्साहन के उद्देश्य से विभिन्न व्यापारिक संगठन भी भाग लेंगे और सम्मानित किए जाएंगे। शाम 5 बजे से सांस्कृतिक संध्या सजेगी, जिसमें वृंदावन की मंडली द्वारा मयूर नृत्य किया जाएगा। विमोचन अवसर पर संरक्षक रमन लाल गोयल, लक्ष्मी नारायण अग्रवाल, अशोक बंसल, डॉ. संत कुमार मंगल, राकेश खंडेलवाल, उपाध्यक्ष श्रीनाथ बंसल, कृष्ण कुमार मित्तल, कोषाध्यक्ष मयंक मंगल, उपमंत्री अखिलेश गोयल, मोहित गर्ग उपस्थित रहे।
500 वर्ष पुराना मोतीगंज बाजार
पूर्व अध्यक्ष रमन लाल गोयल के अनुसार, मुगलों द्वारा स्थापित मोतीगंज बाजार का इतिहास लगभग 500 वर्ष पुराना है। यहां बादशाह अकबर के नौ रत्नों में राजा टोडरमल का महल है। औरंगजेब ने शाहजहां को यहां बंदी बनाया था। अंग्रेजों ने 1887 में इसे सिमसन गंज नाम दिया। यमुना नदी के पास होने के कारण व्यापार नावों से होता था। स्वतंत्रता संग्राम में भी इसका योगदान था। 1924 में बाजार कमेटी का गठन हुआ। इस साल इसे 100 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।