Hindi Newsखेल न्यूज़india mens hockey team make strong come back beat spain by 2 0 in FIH Pro League match

भारतीय टीम ने दूसरे मैच में की दमदार वापसी, स्पेन को 2-0 से धोया; जर्मनी से होगी अगली भिड़ंत

  • मनदीप और दिलप्रीत के गोलों की बदौलत भारत ने एफआईएच प्रो लीग में अपना खाता खोला। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को स्पेन को 2-0 से हराया।

Himanshu Singh भाषाMon, 17 Feb 2025 08:20 AM
share Share
Follow Us on
भारतीय टीम ने दूसरे मैच में की दमदार वापसी, स्पेन को 2-0 से धोया; जर्मनी से होगी अगली भिड़ंत

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच प्रो लीग में शानदार वापसी करते हुए रविवार को रिटर्न चरण के मैच में स्पेन को 2-0 से हरा दिया। पहले चरण में शनिवार को भारत को स्पेन ने 3-1 से मात दी थी। तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने दो गोल करके मैच में वापसी की। भारतीय टीम ने रविवार को हालांकि बेहद आक्रामक खेल दिखाते हुए स्पेन को कोई मौका नहीं दिया। मनदीप सिंह ने 32वें और दिलप्रीत सिंह ने 39वें मिनट में फील्ड गोल करके भारत को पूरे तीन अंक दिलाए। अब भारत का सामना मंगलवार को जर्मनी से होगा।

भारतीय टीम ने गेंद पर नियंत्रण के मामले में बाजी मारी और पहले दो क्वार्टर में कई मौके बनाये हालांकि खाता नहीं खोल सकी। पांचवें मिनट में मनदीप को गोल करने का सुनहरा मौका मिला लेकिन स्पेन के गोलकीपर रफेल रेविला ने जबर्दस्त बचाव किया।

पहले क्वार्टर से चंद पल पहले भारत को लगातार पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन जुगराज सिंह गोल नहीं कर पाए। वहीं भारतीय गोलकीपर कृशन बहादुर पाठक ने 14वें मिनट में स्पेन को मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील नहीं होने दिया। पहले दोनों क्वार्टर में भारत ने गोल करने के काफी प्रयास किया लेकिन स्पेनिश डिफेंस को भेद नहीं सके। पहले हाफ में कोई टीम गोल नहीं कर पाई।

ब्रेक के बाद भारत को दूसरे ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन जुगराज का शॉट फिर स्पेन के गोलकीपर रेविला ने बचा लिया। मनदीप ने हालांकि करीब से दिलप्रीत के पास पर गेंद को गोल के भीतर डाला। सात मिनट बाद दिलप्रीत ने भारत के लिए अपना 32वां गोल किया जिसके सूत्रधार मनदीप और गुरजंत सिंह रहे।

ये भी पढ़ें:टीम बस में चढ़े और फिर तुरंत उतरे कोहली, थके होने के बाद भी फैंस को नहीं भूले

स्पेन को 43वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन उसके ड्रैग फ्लिकर पेपे सुनील गोल नहीं कर पाए। भारत को भी एक पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन जुगराज फिर नाकाम रहे। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह को इस मैच में आराम दिया गया था।

वहीं भारत और इंग्लैंड के बीच रविवार को एफआईएच महिला हॉकी प्रो लीग 2024-25 में निर्धारित समय में मुकाबला 2-2 की बराबरी पर रहने के बाद हुए पेनल्टी शूटआउट में इंग्लैंड ने भारत को 2-1 से हरा दिया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें