Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़नई दिल्लीPolitical Journey of Jubair Khan A Tribute to the Four-Time MLA from Rajasthan

राजस्थान: कांग्रेस विधायक जुबेर खान का निधन

राजस्थान के अलवर जिले से कांग्रेस विधायक जुबैर खान का निधन शनिवार सुबह हुआ। उम्र लगभग 61 वर्ष, वे कुछ समय से बीमार थे। जुबैर चार बार विधायक रहे और जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के छात्रसंघ...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीSat, 14 Sep 2024 11:50 AM
share Share

जामिया मिल्लिया इस्लामिया विवि.नई दिल्‍ली से शुरू किया सियासी सफर वर्ष ​​​​​​1990, 1993, 2003 एवं 2023 में विधायक चुने गए थे जुबेर खान

जयपुर, एजेंसी। राजस्थान के अलवर की रामगढ़ सीट से कांग्रेस विधायक जुबेर खान का शनिवार सुबह निधन हो गया। खान की पत्नी साफिया जुबेर ने बताया कि उनके शौहर कुछ समय से बीमार थे। वह करीब 61 वर्ष के थे। उन्होंने ढाई पेडी स्थित अपने फार्म हाउस पर सुबह 5.50 बजे अंतिम सांस ली।

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित तमाम नेताओं ने जुबेर खान के निधन पर शोक व्यक्त किया। गहलोत ने एक्स पर लिखा, ‘जुबेर खान अपने क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध थे एवं आखिरी समय तक जनसेवा में लगे रहे। उनका जाना एक अपूरणीय क्षति है।

जुबेर चार बार के विधायक थे। वह सबसे पहले 1990 में रामगढ़ से विधायक चुने गए। इसके बाद दसवीं, बारहवीं व अब सोलहवीं विधानसभा के सदस्य थे। वह विधानसभा की प्राक्कलन सहित अनेक समितियों के सदस्य भी रह चुके हैं। अध्ययन के दौरान जुबेर जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय (नई दिल्‍ली) छात्रसंघ के अध्यक्ष भी थे।

उनकी पत्नी साफिया जुबेर भी वर्ष 2018 में विधायक चुनी गई थीं और उनके दो पुत्र हैं। खान युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भी रहे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा दुख जताया है। सीएम ने कहा कि खान के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ हैं।

जुबेर खान के निधन से राज्य विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या घटकर 65 रह गई है। राजस्थान विधानसभा में कुल 200 सीट हैं जिनमें से अब सात सीट खाली हैं। पांच विधायक लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए थे और भाजपा के एक विधायक का कुछ समय पहले निधन हो गया था।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें