Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़नई दिल्लीNarendra Modi Celebrates 74th Birthday with Tributes from Leaders

प्रधानमंत्री मोदी 74 साल के हुए, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति के साथ विपक्षी नेताओं ने भी दीं शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को 74वां जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, और विपक्षी नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं जो आज़ाद भारत में जन्मे।...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीTue, 17 Sep 2024 12:13 PM
share Share

नई दिल्ली, एजेंसी। पंडित जवाहर लाल नेहरू के बाद लगातार तीन बार देश का प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड बनाने वाले नरेंद्र मोदी मंगलवार को 74 साल के हो गए। इस अवसर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष के अलावा तमाम विपक्षी नेताओं भी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके दीर्घायु जीवन की कामना की। मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने आजाद भारत में जन्म लिया था। वर्ष 1950 में 17 सितंबर को उनका जन्म हुआ। इस साल नौ जून को उन्होंने लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। केंद्र में सत्तारूढ़ एनडीए के घटक दलों के प्रमुखों, केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भी उन्हें बधाई देते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मोदी को उनके 74वें जन्मदिन पर बधाई दी। उन्होंने कामना की कि उनके अभिनव प्रयास भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का मार्ग प्रशस्त करें। मुर्मु ने ‘एक्स पर लिखा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपने अपने व्यक्तित्व एवं कृतित्व के बल पर असाधारण नेतृत्व प्रदान किया है तथा देश की समृद्धि और प्रतिष्ठा में वृद्धि की है।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मोदी को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने मजबूती के साथ देश को 2047 तक विकसित भारत की ओर अग्रसर किया है। उपराष्ट्रपति ने ‘एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मोदी ने दो दशक से ज्यादा समय तक शासन में और एक दशक से अधिक समय तक प्रधानमंत्री के तौर पर भारत की आत्मा को जगाया, इसके सांस्कृतिक मूल्यों में जान डाली और इसकी सभ्यता को पोषित किया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकमानाएं। आपके सक्षम नेतृत्व में देश के जनसामान्य के जीवन में आमूलचूल परिवर्तन आया है। प्रधानमंत्री के रूप में आपने जो उच्च कोटि के आदर्श स्थापित किए हैं वे सार्वजनिक जीवन में कार्य करने वाले प्रत्येक जनप्रतिनिधि के लिए प्रेरणीय है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत ही नहीं पूरे विश्व ने उनके दूरदर्शी एवं सशक्त नेतृत्व को देखा और अनुभव किया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने पूरी तत्परता, तन्मयता और तपस्वी भाव के साथ देश का नेतृत्व किया है और आज भी कर रहे हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी और कहा कि वे अपने अथक परिश्रम, लगन और दूरदर्शिता से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लेकर आए हैं और उन्होंने दुनिया में भारत का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने दशकों के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्र के लिए त्याग और समर्पण के नए मानक तय किए हैं।

केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने प्रधानमंत्री के बेहतर स्वास्थ्य और दीर्घायु होने के साथ ही उनके नेतृत्व में देश से भय, भूख, आतंक और भ्रष्टाचार के पूरी तरह समाप्त होने तथा उसके पुन: विश्व गुरु का स्थान प्राप्त करने की कामना की।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, प्रधानमंत्री मोदी ऐसे समय में हमारा नेतृत्व कर रहे हैं जब प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्थाएं घटती वृद्धि और अन्य चुनौतियों का सामना कर रही हैं। भारत, अपने मजबूत आर्थिक बुनियादी ढांचे के साथ, दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर उनके दीर्घ, स्वस्थ और सुखी जीवन की कामना करता हूं। हमारे राष्ट्र को विकसित भारत की ओर ले जाने में आपका नेतृत्व हम सभी को प्रेरित करता है। हमारी विदेश नीति उस सोच को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

--

भाजपा मुख्यालय में रक्तदान शिविर की शुरुआत

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एनडीए सरकार के पहले 100 दिनों की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, लोगों खासकर दलितों, युवाओं और महिलाओं के जीवन को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहे हैं। भाजपा, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को सेवा दिवस और आज से दो अक्तूबर तक सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाती है। नड्डा ने इस अवसर पर पार्टी मुख्यालय में एक रक्तदान शिविर की शुरुआत की। उन्होंने सरकार के 100 दिनों पर आयोजित एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।

-

राहुल और खरगे ने भी दी बधाई

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी मोदी को बधाई दी और उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की। खरगे ने ‘एक्स पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना है। राहुल गांधी ने ‘एक्स पर पोस्ट किया, जन्मदिन की बधाई हो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी। आपके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं। आंध्र प्रदेश और बिहार के मुख्यमंत्री क्रमश: एन. चंद्रबाबू नायडू एवं नीतीश कुमार ने भी प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं। दोनों, राजग के प्रमुख घटक दल हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आम आदमी पार्टी के संयोजक केजरीवाल ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं। राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दी।

--

मोदी ने जन्मदिन पर मां को याद किया

अपने जन्मदिवस के दिन मोदी ने अपना अधिकतर समय ओडिशा में बिताया। उन्होंने यहां रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के अलावा राज्य सरकार की प्रमुख महिला-केंद्रित पहल सुभद्रा योजना की शुरुआत की। मोदी ने यहां एक कार्यक्रम में याद किया कि कैसे वह अपने जन्मदिन पर हर साल अपनी मां से मिलने जाते थे और उनका आशीर्वाद लेते थे। उन्होंने कहा, यहां आने से पहले मैं हमारे एक आदिवासी परिवार के गृहप्रवेश के कार्यक्रम में उनके घर भी गया था। वहां मैं जब खीरी खा रहा था तो स्वाभाविक था कि मुझे मेरी मां की याद आना। उन्होंने कहा, क्योंकि जब मेरी मां जीवित थी तो मैं जन्मदिन पर हमेशा मां का आशीर्वाद लेने जाता था, और मां मेरे मुंह में गुड़ खिलाती थी। अब मां तो नहीं है, आज एक आदिवासी मां ने खीर खिलाकर मुझे जन्मदिन का आशीर्वाद दिया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें