Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़नई दिल्लीGlobal Study Reveals 15-Minute Cities Mumbai and Kolkata Among Accessible Urban Areas

दुनिया के बेहतरीन रहने योग्य शहरों में भारत का मुंबई, कोलकाता

नेचर जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, मुंबई और कोलकाता जैसे भारतीय शहरों में लोग 15-30 मिनट के भीतर प्रमुख सेवाओं तक पहुँच सकते हैं। अध्ययन में 10,000 शहरों का विश्लेषण किया गया है, जिसमें...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीTue, 17 Sep 2024 10:58 AM
share Share

यहां अधिकांश लोगों के लिए 15-30 मिनट के अंदर प्रमुख सेवाएं उपलब्ध नेचर जर्नल में प्रकाशित दुनियाभर के 10 हजार शहरों पर अध्ययन

15 मिनट का शहर वाली लिस्ट में भारत से मुंबई और कोलकाता

अध्ययन का कॉन्सेप्ट यह कि ज्यादातर चीजें 15 मिनट के अंदर उपलब्ध हैं

नई दिल्ली, एजेंसी। पैदल चलने और रहने योग्य दुनिया के बेहतरीन शहरों में भारत के मुंबई, पुणे, कोलकाता जैसे शहर शामिल हैं। यहां अधिकांश आबादी को प्रमुख सुविधाएं 15 से 30 मिनट के अंदर उपलब्ध हो जाती हैं। नेचर सिटीज जर्नल में प्रकाशित नए शोध में यह दावा किया गया है। शोध के अनुसार ज्यूरिख दुनिया में सबसे बेहतरीन शहर है जहां 99.2 फीसदी आबादी के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, सार्वजनिक परिवहन जैसी सुविधाएं 15 मिनट की पैदल दूरी पर उपलब्ध हैं।

दुनियाभर के 10 हजार शहरों पर अध्ययन

शोधकर्ताओं ने दुनिया भर के 10000 शहरों पर अध्ययन किया है। उन्होंने यह पता लगाने की कोशिश की है कि सुपरमार्केट, स्कूल, अस्पताल और पार्क जैसी सुविधाएं हासिल करने के लिए लोगों को औसतन कितनी दूरी पैदल या बाइक से तय करनी पड़ती है। इसके लिए उन्होंने उपलब्ध आंकड़ों का इस्तेमाल किया तथा निवासियों के अनुपात की गणना की। शोध के अनुसार दुनियाभर में सिर्फ 54 शहर ऐसे हैं जिसे 15 मिनट का शहर माना जा सकता है। यहां पैदल या बाइक से 15 मिनट की दूरी पर सुविधाएं मिल जाती हैं।

यूरोपीय शहर अमेरिका से आगे

इन 54 शहरों में सबसे सुलभ यूरोपीय शहर थे जैसे कि ज्यूरिख, मिलान, कोपेनहेगन और डबलिन। यहां रहनेवाले 95% से अधिक निवासियों को 15 मिनट के भीतर सारी सुविधाएं मिल रही हैं। रैंकिंग में निचले पायदान पर सैन एंटोनियो, डलास, अटलांटा और डेट्रायट जैसे उत्तरी अमेरिकी शहर हैं। ये शहर कारों पर अधिक निर्भर हैं। बर्लिन और पेरिस जैसे कुछ बड़े महानगरों में 90% से अधिक आबादी आवश्यक सेवाओं से 15 मिनट की पैदल दूरी पर रह रही है।

अध्ययन का उद्देश्य क्या?

अध्ययन के सह-लेखक हाइगोर पियागेट ने कहा हम ज्यादातर लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के तरीके खोज रहे हैं। यह अध्ययन दुनिया भर में सुविधाओं तक लोगों की पहुंच के बारे में आकलन प्रदान करता है। रोम के भौतिक विज्ञानी और अध्ययन के मुख्य लेखक मैटेओ ब्रूनो ने कहा कि 15 मिनट को अगर आदर्श माना जाए तो दुनिया के शहरों के बीच बड़ी असामनता है। उदाहरण के लिए अटलांटा को सभी निवासियों को एक तरह की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 80% सुविधाओं को स्थानांतरित करना होगा, जबकि पेरिस को केवल 10% स्थानांतरित करने की जरूरत है। इससे पता चलता है कि शहरों को अधिक सुलभ बनाना बड़ी चुनौती है।

दुनिया के टॉप-5 शहर

(यहां 15 मिनट पैदल चलने पर सुविधाएं उपलब्ध)

शहर प्रतिशत आबादी के पास सुविधाएं उपलब्ध

ज्यूरिख 99.2

मिलान 99.3

कोपनहेगन 97.1

डबलिन 96.2

ट्यूरिन 95.5

म्यूनिख 94.4

भारतीय शहरों की स्थिति

शहर कितनी दूरी पर सुविधाएं

मुंबई पैदल: 30 मिनट

बाइक से: 13 मिनट

पुणे पैदल: 30 मिनट

बाइक से: 14 मिनट

कोलकाता पैदल: 30 मिनट

बाइक से: 30 मिनट

पटना पैदल: 30 मिनट

बाइक से: 16 मिनट

लखनऊ पैदल: 30 मिनट

बाइक से: 24 मिनट

(नोट: दिल्ली के आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं)

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें