अमेरिकी का हस्तक्षेप भारत की संप्रभुता पर प्रहार : संजय सिंह
आप ने अमेरिका द्वारा भारत-पाकिस्तान संघर्ष विराम की घोषणा पर सवाल उठाए हैं। संजय सिंह ने इसे भारत की संप्रभुता पर हमला बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई...

आप नेता ने अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा संघर्ष विराम की घोषणा करने पर उठाए सवाल नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। आम आदमी पार्टी ने भारत-पाकिस्तान के बीच अमेरिका द्वारा संघर्ष विराम की घोषणा करने पर सवाल उठाए हैं। आप के राज्यसभा सांसद सदस्य संजय सिंह ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प द्वारा की गई घोषणा भारत की संप्रभुता पर कड़ा प्रहार है। भारतीय सेना के पास पीओके को कब्जाने और बलूचिस्तान को अलग करने का बड़ा अवसर था। इसे लेकर देश के लोगों के मन में काफी गुस्सा है। संजय सिंह ने कहा कि पहलगाम में 26 निहत्थे लोगों की हत्या पाकिस्तान पोषित आतंकवादियों द्वारा की गई।
इस हमले के बाद भारत सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाकर पूरी घटना की जानकारी दी और इसके बाद ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया गया। भारतीय सेना ने अपने गौरव, पराक्रम, शौर्य और बहादुरी का परिचय देते हुए पाकिस्तान में घुसकर 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। सर्वदलीय बैठक में भारत सरकार ने बताया कि भारत की सेना ने 100 से अधिक आतंकवादियों और आतंकवाद का समर्थन करने वाले उनके सहयोगियों को मारा है। भारत की सेना पाकिस्तान को उसके घर में घुसकर मार रही थी। संजय सिंह ने कहा कि भारतीय सेना के पास पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) पर कब्जा करने का बड़ा मौका था। पीओके में आतंकवादी अड्डे हैं जहां आतंकवादियों को पनाह दी जाती है। आज देश के लोगों में बहुत बड़ा सवाल है कि जब भारतीय सेना अपने शौर्य और पराक्रम का परिचय दे रही थी तो ऐसे समय में अमेरिका आकर सीज फायर की घोषणा कर रहा है। पिछले 78 साल से पाकिस्तान के मामले में भारत ने कभी तीसरे देश की मध्यस्थता स्वीकार नहीं की। ऐसे में आज अमेरिका बीच में कहां से आ गया। भारत अपने फैसले लेने में स्वयं सक्षम है। प्रधानमंत्री सर्वदलीय बैठक व संसद का विशेष सत्र बुलाएं और सीज फायर की असली वजह बताएं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।