27 साल बाद दिल्ली में BJP की ताजपोशी होगी खास, 50000 को बुलावा; केजरीवाल-आतिशी को भी न्योता
27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में लौटी बीजेपी का सीएम कौन होगा, इससे आज पर्दा उठ जाएगा। उधर, 20 फरवरी को रामलीला मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के समय में बदलाव किया गया है। समारोह में 50000 लोग शामिल होंगे। दिल्ली के पूर्व सीएम केजरीवाल और आतिशी को भी न्योता भेजा गया है।

27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में लौटी बीजेपी का सीएम कौन होगा, इससे आज पर्दा उठ जाएगा। उधर, 20 फरवरी को रामलीला मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। समारोह के समय में बदलाव किया गया। समारोह अब दोपहर 12 बजे होगा। इससे पहले पार्टी नेताओं ने कहा था कि समारोह 4:30 बजे होगा।
विधानसभा चुनाव के बाद दिल्ली में नए मुख्यमंत्री का इंतजार बुधवार को खत्म हो जाएगा। भाजपा विधायक दल अपना नेता चुनेगा। पार्टी नेताओं ने कहा कि 20 फरवरी को ऐतिहासिक रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। कहा कि मुख्यमंत्री और पूरा मंत्रिमंडल एक भव्य समारोह में शपथ लेगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री और कई मशहूर लोग शामिल होंगे। सूत्रों ने बताया कि इस कार्यक्रम में भारी भीड़ आने की उम्मीद है। करीब 40 मशहूर हस्तियों को बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि समारोह शाम 4.30 बजे न होकर अब दोपहर 12 बजे होगा।
भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं, आरडब्ल्यूए, समाज के विभिन्न वर्गों और संतों सहित लगभग 50,000 लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। यह एक भव्य कार्यक्रम होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके कैबिनेट मंत्री मौजूद रहेंगे। यह लगभग 25-30 मिनट तक चलेगा।
उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान को समारोह के लिए इसलिए चुना गया क्योंकि विभिन्न क्षेत्रों के लोग इस कार्यक्रम का हिस्सा बनना चाहते हैं। राज निवास में इतने लोगों के लिए जगह नहीं थी। बुधवार को दिल्ली विधानसभा में सदन के नेता का चुनाव करने के लिए नवनिर्वाचित भाजपा विधायक दल की दिल्ली इकाई के कार्यालय में शाम को बैठक होगी।
उन्होंने बताया कि गुजरात समेत कुछ भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री बजट पेश करने में व्यस्त होने के कारण शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हो सकते हैं। कहा कि रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों, सड़कों, फुटपाथों और बीचों-बीच साफ-सफाई की गई और रंग-रोगन किया गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि पूरे इलाके में करीब एक लाख लोगों के आने की उम्मीद है, क्योंकि 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने को लेकर लोगों में काफी उत्साह है।
तीन मंच होंगे
शपथ ग्रहण समारोह स्थल पर तीन मंच होंगे। प्रधानमंत्री, दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, नए मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य केंद्रीय मंच पर बैठेंगे। इसके दोनों ओर दो मंच होंगे। इन पर केंद्रीय मंत्री, राजनेता, अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति बैठेंगे। अधिकारियों ने बताया कि प्रोटोकॉल के अनुसार, दिल्ली की निवर्तमान मुख्यमंत्री आतिशी और उनके पूर्ववर्ती तथा तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके अरविंद केजरीवाल को भी शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया जाएगा।
कई नामों की चर्चा
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के लिए जिन नामों पर चर्चा हो रही है, उनमें केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा, दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और सतीश उपाध्याय तथा पवन शर्मा, आशीष सूद, रेखा गुप्ता और शिखा राय जैसे अन्य नेता शामिल हैं। बवाना (एससी) सीट से विधायक रविंदर इंद्राज सिंह और मादीपुर (एससी) सीट से पहली बार भाजपा के लिए जीत दर्ज करने वाले कैलाश गंगवाल के नामों पर भी चर्चा हो रही है।
चौंका सकती है BJP
पार्टी के कई लोगों का मानना है कि भाजपा नेतृत्व दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री को लेकर चौंका भी सकता है। पार्टी सीएम के रूप में किसी 'अनिश्चित' व्यक्ति को चुन सकता है। यही रणनीति पार्टी ने राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में अपनाई है।
तैयारियों का लिया जायजा
भाजपा नेता तरुण चुघ और शपथ ग्रहण समारोह के प्रभारी विनोद तावड़े तथा दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से कुछ ही दूर स्थित रामलीला मैदान में तैयारियों का जायजा लिया। चुघ ने कहा कि दिल्ली की जनता ने भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी को ऐतिहासिक जनादेश दिया है और वे इस समारोह का हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि 20 फरवरी को रामलीला मैदान में होने वाले ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं। मंगलवार को पंत मार्ग स्थित दिल्ली भाजपा कार्यालय में विधायक दल की बैठक और शपथ ग्रहण समारोह पर चर्चा के लिए कई बैठकें हुईं।