दिल्ली मेट्रो के इस खंड में येलो लाइन पर 35 मिनट के अंतर पर मिलेंगी ट्रेनें, क्या वजह?
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यानी डीएमआरसी की मानें तो 17 मई को कश्मीरी गेट और केंद्रीय सचिवालय के बीच येलो लाइन पर कुछ मेट्रो सेवाओं पर थोड़ा असर पड़ सकता है।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यानी डीएमआरसी की मानें तो 17 मई को कश्मीरी गेट और केंद्रीय सचिवालय के बीच येलो लाइन पर मेट्रो सेवाओं पर थोड़ा असर पड़ सकता है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, DMRC मेंटिनेंस के काम के कारण 17 मई को कश्मीरी गेट और केंद्रीय सचिवालय के बीच येलो लाइन पर मेट्रो सेवाओं को सुबह जल्दी नियंत्रित करेगा।
DMRC ने एक एक्स पोस्ट में कहा कि मेट्रो ट्रेनें इस खंड यानी कश्मीरी गेट और केंद्रीय सचिवालय के बीच सुबह 06:25 बजे तक 35 मिनट की अंतर पर चलेंगी। हालांकि येलो लाइन के दो टर्मिनल स्टेशनों मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम और समयपुर बादली के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को पहली ट्रेनों के समय में कोई बदलाव नहीं दिखेगा।
इसी तरह समयपुर बादली और विश्वविद्यालय से सुबह के वक्त प्रस्थान निर्धारित समय पर होगा। जारी बयान में कहा गया है कि यह कदम पहले से निर्धारित मेंटिनेंस के कामकाज का हिस्सा है। इससे केवल येलो लाइन (लाइन 2) का एक विशिष्ट खंड ही प्रभावित होगा। येलो लाइन के बाकी हिस्सों पर सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होंगी।
हालांकि, केंद्रीय सचिवालय से समयपुर बादली की ओर जाने वाली पहली मेट्रो ट्रेन में मामूली बदलाव किया गया है। यह सुबह 05:45 बजे की बजाय सुबह 05:55 बजे रवाना होगी। डीएमआरसी ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे इस अवधि के दौरान वैकल्पिक रास्ते के रूप में वायलेट लाइन की सेवाएं लेने पर विचार कर सकते हैं। खासकर यदि वे लोग जो कश्मीरी गेट, केंद्रीय सचिवालय या मंडी हाउस से यात्रा कर रहे हैं।
डीएमआरसी ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे मेंटिनेंस के दौरान असुविधा से बचने के लिए अपनी यात्रा को पहले से नियोजित कर सकते हैं।