Delhi Exit Polls: AAP क्यों नहीं दे रही भाव? कितने सटीक थे 2013, 2015 और 2020 में एग्जिट पोल्स
आम आदमी पार्टी ने एग्जिट पोल्स के नतीजों को भाव नहीं दिया है। AAP प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि एग्जिट पोल हमेशा से ही आप के लिए गलत साबित हुए हैं। आइए जानें बीते तीन चुनावों में कितने सटीक रहे एग्जिट पोल्स...

दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों पर वोटिंग के बाद विभिन्न एजेंसियों के एग्जिट पोल्स में से अधिकांश में भाजपा की सरकार बनने की बात कही गई है। एग्जिट पोल्स के अनुमानों के मुताबिक, इन चुनावों में आम आदमी पार्टी को हार का सामना करना पड़ सकता है। वहीं एग्जिट पोल्स पर AAP प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि एग्जिट पोल हमेशा से ही आप के लिए गलत साबित हुए हैं। हमने हमेशा स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाई है। ऐसे में बीते तीन चुनावों में कितने सटीक रहे एग्जिट पोल्स...
Delhi Exit Poll 2020 Results
साल 2020 के एग्जिट पोल्स में AAP की सरकार बनने की बात कही गई थी। हालांकि अलग-अलग पोल्स में सीटें कम बेस थीं। 2020 में इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने AAP को 59 से 68 सीटें मिलने का अनुमान जताया था। टाइम्स नाउ ने AAP को 47 और भाजपा को 23 सीटें मिलने की बात कही थी। अधिकांश पोल्स में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने की बात की थी। नतीजों में आम आदमी पार्टी ने 62 सीटें हासिल कर सरकार बनाई थी। भाजपा को 8 सीटें तो कांग्रेस खाता भी नहीं खोल पाई थी।
Delhi Exit Poll 2015 Results
साल 2015 के विधानसभा चुनाव में 6 एग्जिट पोल में AAP को 45 सीटें जबकि भाजपा के खाते में 24 सीटें जाने का अनुमान लगाया गया था। कांग्रेस को एक सीट मिलने की बात कही गई थी। चुनाव नतीजों में AAP ने 67 सीटें हासिल कर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी जबकि बीजेपी को महज 3 सीटों से संतोष करना पड़ा था। कांग्रेस एक सीट भी नहीं जीत सकी थी। केवल एक्सिस माई इंडिया ने AAP को 53 सीटें मिलने की बात कही थी जिसे कुछ हद तक नतीजों के करीब कहा जा सकता है।
Delhi Exit Poll 2013 Results
एनडीटीवी की ओर से साझा किए गए एक एग्जिट पोल में अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली AAP को अभूतपूर्व सियासी बढ़त बनाने की बात कही गई थी। पांच एजेंसियों के सर्वेक्षणों में AAP और कांग्रेस को को 17 जबकि भाजपा को 34 सीटें मिलने की बात कही गई थी। नतीजों में AAP ने 28 सीटें जीत कर कांग्रेस को जोरदार झटका दिया था। भाजपा को 31 सीटें मिलीं थीं जबकि कांग्रेस को आठ सीटों से संतोष करना पड़ा था। इसके साथ ही दिल्ली में कांग्रेस का 15 साल का राज खत्म हो गया था। AAP ने कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाई थी।