दिल्ली में BJP-AAP में कांटे का मुकाबला, MATRIZE के एग्जिट पोल में कौन आगे
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 संपन्न होने के बाद आज एग्जिट पोल्स भी सामने आ गए हैं। मैट्राइज (Matrize) के एग्जिट पोल में इस बार दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा के बीच कांटे का मुकाबला होता दिख रहा है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 संपन्न होने के बाद आज एग्जिट पोल्स भी सामने आ गए हैं। मैट्राइज (MATRIZE) के एग्जिट पोल में इस बार दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा के बीच कांटे का मुकाबला होता दिख रहा है।
मैट्राइज के एग्जिट पोल के अनुसार, दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों में से 'आप' को 32-37 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि BJP और एनडीए में उसके सहयोगी दलों को 35-40 मिल सकती हैं। वहीं, कांग्रेस को 0-1 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में शाम 5 बजे तक 57.70 फीसदी मतदान हुआ। दिल्ली की कुल 70 विधानसभा सीटों के लिए 699 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। दिल्ली विधानसभा की 70 सीट के लिए मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ था। मतदान शाम 6 बजे समाप्त हुआ, लेकिन इससे पहले मतदान केंद्र पहुंच कर कतार में लग चुके मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार शाम पांच बजे तक 57.70 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। दिल्ली में लगभग 1.56 करोड़ मतदाता हैं। सबसे अधिक मतदान उत्तर-पूर्वी जिले में 63.83 फीसदी दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम मतदान नई दिल्ली जिले में 54.37 प्रतिशत दर्ज किया गया। अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में मुस्तफाबाद में सबसे अधिक 66.68 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि करोल बाग में सबसे कम 47.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, शाहदरा में 61.35 प्रतिशत, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में 58.86 प्रतिशत, उत्तर-पश्चिम दिल्ली में 58.05 प्रतिशत, उत्तरी दिल्ली में 57.24 प्रतिशत, मध्य दिल्ली जिले में 55.24 प्रतिशत, दक्षिण-पूर्व दिल्ली में 53.77 प्रतिशत मतदान हुआ।
2015 और 2020 में चली थी आप की झाड़ू
गौरतलब है कि 2015 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 70 में से 67 सीटें हासिल कर बंपर जीत दर्ज की थी। वहीं, वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 70 में से 62 पर जीत दर्ज की थी। भाजपा को वर्ष 2015 में 3 और 2020 में महज 8 सीटों से संतोष करना पड़ा था। दिल्ली विधानसभा के लिए 2020 में हुए चुनाव में कुल 62.59 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2024 के लोकसभा चुनावों में केवल 56 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।