Hindi Newsदेश न्यूज़hardik patel bjp join 2 june gujarat congress rahul gandhi assembly elections 2022 - India Hindi News

हार्दिक पटेल भाजपा में शामिल होने को तैयार, कभी लगाए थे हत्या की कोशिश के आरोप

कांग्रेस छोड़ते वक्त पटेल ने कांग्रेस नेताओं और पार्टी के काम करने के तरीके पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि गुजरात कांग्रेस के नेता उनके राजनीतिक प्रयासों में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं।

Nisarg Dixit लाइव हिंदुस्तान, नई दिल्लीTue, 31 May 2022 06:40 AM
share Share

पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने का ऐलान कर दिया है। खास बात है यह वही हार्दिक हैं, जो कभी भाजपा पर हत्या की कोशिश करवाने के आरोप लगा रहे थे। खबर है कि वह 15 हजार कार्यकर्ताओं के साथ 2 जून को भाजपा का हिस्सा बनने जा रहे हैं। करीब एक पखवाड़े पहले ही उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता से इस्तीफा दिया था।

साल 2019 में सुरेंद्रनगर में आयोजित जन आक्रोश सभा में पटेल को एक शख्स की नाराजगी का सामना करना पड़ा। उन्हें कार्यक्रम के दौरान थप्पड़ मारा गया था। उस दौरान कांग्रेस का हिस्सा रहे पटेल ने आरोप लगाए थे कि भाजपा उन्हें मारने की कोशिश कर रही है। इस घटना के करीब एक महीने पहले ही उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन की थी।

उन्होंने कहा था, 'भाजपा मुझपर उसी तरह हमले और मारने की कोशिश कर रही है, जैसे हरेन पंड्या की हत्या की गई थी और फर्जी एनकाउंटर किया गया था। जिस आदमी ने मुझे थप्पड़ मारा, वह भाजपा नेताओं से जुड़ा हुआ है, यह आप उसकी फेसबुक प्रोफाइल पर देख सकते हैं।'

कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
पटेल ने कांग्रेस पार्टी पर हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा, 'आपकी भगवान श्री राम से क्या दुश्मनी है? हिंदुओं से आप इतनी नफरत क्यों करते हैं? सदियों बाद अयोध्या में भगवान राम का भी मंदिर बन रहा है, इसके बाद भी कांग्रेस नेता भगवान राम के खिलाफ बयान दे रहे हैं।'

कांग्रेस छोड़ते वक्त पटेल ने कांग्रेस नेताओं और पार्टी के काम करने के तरीके पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि गुजरात कांग्रेस के नेता उनके राजनीतिक प्रयासों में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं। खास बात है कि वह लंबे समय से कांग्रेस नेतृत्व से नाराज चल रहे थे। उन्होंने पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को भी घेरा था।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें