Notification Icon
Hindi Newsदेश न्यूज़pm modi talk with vladimir putin speaks his Ukraine visit

PM मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से फोन पर की बात, यूक्रेन यात्रा के अनुभव बताए

  • प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की। उन्होंने यूक्रेन की अपनी हालिया यात्रा का भी जिक्र किया।

Gaurav Kala नई दिल्ली, रेजाउल एच लस्कर, हिन्दुस्तान टाइम्सTue, 27 Aug 2024 02:17 PM
share Share

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को फोन किया और यूक्रेन के साथ संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान खोजने का आह्वान किया। पीएम मोदी ने यूक्रेन संघर्ष के लिए बातचीत, कूटनीतिक, ईमानदार और व्यावहारिक महत्व पर जोर दिया। पीएम मोदी की पुतिन संग बातचीत 23 अगस्त को यूक्रेन यात्रा के बाद हुई है। पीएम मोदी ने कीव में जेलेंस्की के साथ वॉर जोन का दौरा किया था। कीव से लौटने के बाद सोमवार को पीएम मोदी ने अमेरिकी प्रेजिडेंट जो बाइडेन से भी बात की थी। पीएम मोदी ने पुतिन को यूक्रेन यात्रा के अनुभव भी साझा किए।

दोनों देशों के शीर्ष नेताओं ने रूस-यूक्रेन संघर्ष पर विचारों का आदान-प्रदान किया। पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में "संघर्ष के शीघ्र, स्थायी और शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन करने के लिए भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई।"

वहीं, क्रेमलिन की तरफ कहा गया कि पुतिन ने "कीव अधिकारियों और उनके पश्चिम मित्र देशों की विनाशकारी नीतियों का खुलासा किया। साथ ही रूस के "इस संघर्ष को हल करने के दृष्टिकोण" पर भी जोर दिया। बयान में हालांकि पुतिन के बयान का विस्तार पूर्वक विवरण नहीं दिया गया। क्रेमलिन के बयान में कहा गया है कि पीएम मोदी ने "राजनीतिक और राजनयिक तरीकों से यूक्रेन संघर्ष के समाधान की अपनी प्रतिबद्धता पर जोर दिया है।

यूक्रेन की घुसपैठ से खफा हैं पुतिन?

मामले से परिचित लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि रूस के कुर्स्क क्षेत्र में यूक्रेन के हालिया हमले ने किसी भी संभावित बातचीत पर मॉस्को की स्थिति सख्त कर दी है। यूक्रेन के हमलों के जवाब में रूस ने युद्ध में अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया। इसके एक दिन बाद मंगलवार को मॉस्को ने एक बार फिर पूरे यूक्रेन पर कई मिसाइलें और ड्रोन लॉन्च किए। इन हमलों में कम से कम पांच लोगों के मारे जाने की सूचना है।

रूस और यूक्रेन युद्ध पर भारत का स्टैंड

भारत अब तक यूक्रेन पर आक्रमण के लिए रूस की सार्वजनिक रूप से निंदा करने से बचता रहा है। इसकी बानगी संयुक्त राष्ट्र में यूक्रेन से संबंधित प्रस्तावों से भारत की दूरी से पता चलती है। भारत ने रूसी तेल की खरीद भी बढ़ा दी है, ज़ेलेंस्की इस कदम के लिए भारत की आलोचना भी करता रहा है। इसके अलावा पिछले महीने पहले पीएम मोदी ने रूस दौरे में पुतिन को गले लगाया था। इस तस्वीर की भी यूक्रेन में काफी आलोचना की गई।

रूस और भारत के बीच व्यापार और आर्थिक समझौतों पर चर्चा

पुतिन के साथ बातचीत में पीएम मोदी ने 22वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन के लिए जुलाई में मॉस्को की अपनी यात्रा को याद किया। दोनों नेताओं ने कई द्विपक्षीय मुद्दों पर प्रगति की समीक्षा की और द्विपक्षीय विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की। क्रेमलिन की तरफ से कहा गया है कि दोनों नेताओं ने मोदी की हालिया रूस यात्रा के दौरान व्यापार और आर्थिक समझौतों को लागू करने के व्यावहारिक कदमों पर भी चर्चा की।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें