Notification Icon
Hindi Newsदेश न्यूज़Haryana Assembly Election 2024 Dates 90 Seats Vidhan Sabha Chunav Tareekh Congress BJP AAP Election Commission

Haryana Election Date: हरियाणा में एक ही फेज में होगा विधानसभा चुनाव, जानें वोटिंग और नतीजों की तारीख

  • Haryana Election Date: हरियाणा में विधानसभा चुनाव एक ही फेज में होगा। एक अक्टूबर को राज्य की सभी 90 सीटों पर मतदान होंगे, जबकि जम्मू-कश्मीर के साथ ही हरियाणा में भी चार अक्टूबर को नतीजों का ऐलान किया जाएगा।

Madan Tiwari लाइव हिन्दुस्तानFri, 16 Aug 2024 10:12 AM
share Share

Haryana Election Date 202: हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान शुक्रवार को चुनाव आयोग ने कर दिया है। हरियाणा की सभी 90 सीटों पर एक ही फेज में वोट डाले जाएंगे। राज्य में एक अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि चार अक्टूबर को नतीजों का ऐलान होगा।

हरियाणा में 5 सितंबर को नोटिफिकेशन जारी होंगे, जबकि नामांकन की आखिरी तारीख 12 सितंबर है। नॉमिनेशन की स्क्रूटनी 13 सितंबर तक हो सकेगी। 16 सितंबर तक उम्मीदवार अपने नाम को वापस ले सकेंगे।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने कहा हरियाणा के कुल 90 विधानसभा क्षेत्रों में 2.01 करोड़ मतदाता हैं जिनमें 95 लाख महिलाएं हैं। हरियाणा में 150 मॉडल बूथ बनाए जाएंगे। राज्य में बहुमंजिला इमारत में भी मतदान बूथ बनाए जाएंगे।

राज्य चुनाव में बीजेपी का सामना कांग्रेस, जेजेपी और आम आदमी पार्टी से होगा। राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी इंडिया अलायंस का हिस्सा हैं, लेकिन विधानसभा चुनाव में दोनों दलों की राहें अलग-अलग हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा सीटें जीतने के बाद बीजेपी ने लगातार दूसरी बार मनोहर लाल खट्टर को मुख्यमंत्री बनाया था। हालांकि, लोकसभा चुनाव से पहले खट्टर को बदलकर नायब सिंह सैनी को सीएम बना दिया। मनोहर लाल खट्टर इस समय हरियाणा की करनाल सीट से लोकसभा सांसद हैं।

हरियाणा में विधानसभा का कार्यकाल तीन नवंबर को पूरा हो रहा है। राज्य में कुल विधानसभा की 90 सीटें हैं। साल 2019 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में किसी भी दल को अकेले दम पर बहुमत नहीं मिला था। बीजेपी को सबसे ज्यादा 40 तो कांग्रेस को 31 सीटें मिली थीं। इसके अलावा, दुष्यंत चौटाला की जेजेपी को 10 सीटें मिलीं। बीजेपी और जेजेपी ने राज्य में सरकार बनाई थी। हालांकि, लोकसभा चुनाव से पहले जेजेपी और बीजेपी का गठबंधन टूट गया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें